स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजपुर पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी हालत नाजुक देखते हुए सदर अस्पताल बक्सर रेफर कर दिया.
- मकोरिया डीह के पास गड्ढे से बचने में हुआ हादसा, तीन लोग गंभीर रूप से घायल
- घायलों को सदर अस्पताल रेफर, मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराएगी पुलिस
बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : जिले के बक्सर-सासाराम मुख्य मार्ग पर मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने खुशियों से भरे सफर को मातम में बदल दिया. राजपुर थाना क्षेत्र के मकोरिया डीह के पास दो तेज रफ्तार बाइकों की आमने-सामने टक्कर में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे के बाद कुछ देर तक सड़क पर अफरातफरी का माहौल बना रहा.
मिली जानकारी के अनुसार धनसोई थाना क्षेत्र के मानिकपुर गांव निवासी चंद्रभूषण पांडेय के पुत्र प्रवीण कुमार पांडेय अपने दो साथियों नीरज कुमार पांडेय, पिता स्वर्गीय धनंजय पांडेय, और विनीत कुमार पांडेय, पिता हृदय शंकर पांडेय, के साथ बाइक से बक्सर की ओर जा रहे थे. बताया गया कि वे बक्सर से विंध्याचल जाने की तैयारी में थे.
इसी दौरान कृतपूरा गांव निवासी भोला साह का पुत्र गोलू साह अपनी बाइक से राजपुर की तरफ आ रहा था. मकोरिया डीह के पास सड़क पर बने गड्ढे से बचने के प्रयास में दोनों बाइक्स आमने-सामने टकरा गईं. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि प्रवीण कुमार पांडेय ने मौके पर ही दम तोड़ दिया.
हादसे में नीरज कुमार पांडेय, विनीत कुमार पांडेय और गोलू साह गंभीर रूप से जख्मी हो गए. स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजपुर पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी हालत नाजुक देखते हुए सदर अस्पताल बक्सर रेफर कर दिया.
घटना की सूचना मिलते ही राजपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची. थानाध्यक्ष निवास कुमार ने बताया कि मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बक्सर भेज दिया गया है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है.




.png)


.png)
.gif)







0 Comments