ऑपरेशन मुस्कान का असर, 18 चरणों में 1541 मोबाइल बरामद ..

लंबे समय से मोबाइल खोने की पीड़ा झेल रहे लोगों के लिए यह पल बेहद खास रहा. जैसे ही मोबाइल हाथ में आए, कई लोगों के चेहरों पर खुशी साफ झलकने लगी और उन्होंने पुलिस की इस पहल को सराहते हुए आभार जताया.







                                         

  • ऑपरेशन मुस्कान में बक्सर पुलिस की बड़ी कामयाबी, 73 गुमशुदा मोबाइल असली धारकों को लौटाएं 
  • करीब 15 लाख रुपये कीमत के मोबाइल बरामद, एसपी शुभम आर्य ने सौंपे फोन

बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : बिहार पुलिस मुख्यालय, पटना के निर्देश पर जिले में चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन मुस्कान’ के तहत बक्सर पुलिस ने एक बार फिर भरोसे की मिसाल पेश की है. चोरी और गुमशुदा मोबाइल फोन की बरामदगी को लेकर चल रहे इस अभियान में पुलिस ने विभिन्न थानों में दर्ज मामलों की जांच के बाद 73 मोबाइल फोन बरामद किए, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 15 लाख रुपये आंकी गई है.

पुलिस के मुताबिक ‘ऑपरेशन मुस्कान’ के अब तक 18 चरण पूरे हो चुके हैं. इस दौरान बक्सर पुलिस कुल 1541 गुम या चोरी हुए मोबाइल फोन बरामद कर उन्हें उनके असली धारकों तक पहुंचा चुकी है. यह अभियान न केवल गुमशुदा संपत्ति की वापसी का जरिया बना है, बल्कि आम जनता के बीच पुलिस के प्रति विश्वास को भी मजबूत कर रहा है.

मंगलवार को पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य के नेतृत्व में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान बरामद सभी मोबाइल फोन उनके वास्तविक मालिकों को सौंपे गए. लंबे समय से मोबाइल खोने की पीड़ा झेल रहे लोगों के लिए यह पल बेहद खास रहा. जैसे ही मोबाइल हाथ में आए, कई लोगों के चेहरों पर खुशी साफ झलकने लगी और उन्होंने पुलिस की इस पहल को सराहते हुए आभार जताया.

इस मौके पर एसपी शुभम आर्य ने कहा कि पुलिस का उद्देश्य सिर्फ मोबाइल बरामदगी तक सीमित नहीं है. आने वाले समय में गुम या चोरी हुई अन्य संपत्तियों, जैसे बाइक आदि, की भी पहचान कर उन्हें सामूहिक रूप से उनके मालिकों को सौंपने की योजना है. उन्होंने कहा कि किसी की निजी संपत्ति खो जाना मानसिक तनाव का कारण बनता है और पुलिस ऐसे मामलों में पूरी संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई कर रही है.

पुलिस प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि मोबाइल या कोई अन्य सामान गुम या चोरी होने पर बिना देरी किए संबंधित थाने में शिकायत दर्ज कराएं, ताकि समय रहते कार्रवाई कर संपत्ति की बरामदगी सुनिश्चित की जा सके.








Post a Comment

0 Comments