लॉक्ड इंजन से फिर बरामद हुई शराब, दो माह में तीसरी बड़ी कार्रवाई ..

अहम सवाल यह है कि लॉक्ड इंजन तक तस्करों की पहुंच कैसे हो रही है. इंजन के भीतर से लॉक होने की स्थिति ने जांच एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है. 

 






                                         

  • एक ही मेमू ट्रेन के बंद इंजन को बनाया गया तस्करी का अड्डा
  • आरपीएफ ने 23.125 लीटर शराब की जब्ती के साथ नेटवर्क पर कसा शिकंजा

बक्सर टॉप न्यूज, बक्सर : स्थानीय रेलवे स्टेशन क्षेत्र में आरपीएफ ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई करते हुए 63234 डीडीयू–पटना मेमू ट्रेन के लॉक्ड इंजन से 23.125 लीटर शराब बरामद की है. दो माह के भीतर एक ही ट्रेन के बंद इंजन से यह तीसरी बड़ी जब्ती है, जिससे संगठित शराब तस्करी के नेटवर्क पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं.

आरपीएफ पोस्ट प्रभारी कुंदन कुमार के नेतृत्व में गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी की गई. जांच के दौरान ट्रेन के बीच स्थित बंद इंजन को खोला गया, जहां अलग-अलग ब्रांड की कुल 23.125 लीटर शराब छिपाकर रखी गई थी. इंजन भीतर से लॉक पाया गया, जिसने पूरी कार्रवाई को और भी संदिग्ध बना दिया.

अधिकारियों ने बताया कि इससे पहले भी इसी मेमू ट्रेन के लॉक्ड इंजन से दो बार शराब बरामद की जा चुकी है. पहली कार्रवाई में लगभग 16.590 लीटर विदेशी शराब मिली थी, जबकि दूसरी बार 60 लीटर से अधिक अंग्रेजी शराब पकड़ी गई थी. लगातार एक ही ट्रेन और उसी इंजन से शराब मिलना यह संकेत देता है कि तस्कर इस स्थान को सुरक्षित ठिकाने के रूप में इस्तेमाल कर रहे थे.

सबसे अहम सवाल यह है कि लॉक्ड इंजन तक तस्करों की पहुंच कैसे हो रही है. इंजन के भीतर से लॉक होने की स्थिति ने जांच एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है. विभागीय सूत्रों के अनुसार, किसी अंदरूनी मददगार हाथ की भूमिका से इनकार नहीं किया जा सकता.

आरपीएफ ने मामले को गंभीरता से लेते हुए विस्तृत जांच शुरू कर दी है. स्टेशन परिसर और ट्रेन संचालन से जुड़े कर्मचारियों की गतिविधियों पर भी नजर रखी जा रही है. अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी.







Post a Comment

0 Comments