केंद्रीय कारा की सुरक्षा में बड़ा बदलाव, ऊंची दीवारों से अब और कड़ा होगा पहरा ..

कारा एवं सुधार विभाग के द्वारा कुछ वर्ष पूर्व हुई घटनाओं के बाद सुरक्षा को लेकर चिंताएं बढ़ गई थी, जिसके बाद यह निर्णय लिया गया था कि जेल की सुरक्षा बढ़ाई जाएगी. 







                                         



- सीसीटीवी कैमरों की संख्या बढ़ाए जाने के साथ ही हटाया जाएगा आसपास व्याप्त अतिक्रमण 
- केंद्रीय कारा की सुरक्षा को मजबूत किए जाने की योजना पर शुरु किया गया काम

बक्सर टॉप न्यूज, बक्सर : केंद्रीय कारा की सुरक्षा को और मजबूत किए जाने की योजना पर कार्य शुरू हो गया है. कारा एवं सुधार विभाग के द्वारा कुछ वर्ष पूर्व हुई घटनाओं के बाद सुरक्षा को लेकर चिंताएं बढ़ गई थी, जिसके बाद यह निर्णय लिया गया था कि जेल की सुरक्षा बढ़ाई जाएगी. तात्कालिक इंतजाम भी किए गए थे लेकिन दीर्घकालिक सुधारों की आवश्यकता महसूस हो रही थी. बक्सर केंद्रीय कारा कई मायनों में काफी महत्वपूर्ण रहा है. ऐसे में बिहार सरकार के कारा एवं सुधार विभाग के द्वारा सुरक्षा को बढ़ाए जाने की कवायद शुरु कर दी है.
कारा प्रशासन के द्वारा दीवारों की ऊंचाई बढ़ाने का  साथ-साथ सीसीटीवी कैमरों की संख्या बढ़ाए जाने के साथ-साथ जेल की बाउंड्री वॉल के आसपास हुए अतिक्रमण को हटाए जाने की योजना बनाई गई है.

बक्सर केंद्रीय कारा सुरक्षित जेलों में से एक मानी जाती है. पूरे प्रदेश के कई कुख्यात बंदियों को भी समय-समय पर यहां स्थानांतरित किया जाता रहा है. इसी के मद्देनजर यहां पहले से बनाए गए सेलों के अतिरिक्त विशिष्ट सुरक्षा इंतजामों से लैस अंडा सेल भी बनाया गया.  

तेजी से पूरा किया जा रहा है दीवारों को ऊंचा किए जाने का कार्य 

जेल की आंतरिक दीवार लगभग 18 फीट ही थी. इसी वजह से जेल ब्रेक की घटना यहां आसानी से हो गई थी. आंतरिक दीवार को अब 21 फीट तक किया जा रहा है निर्माण कार्य तेजी से जारी है और जल्दी पूरा भी हो जाएगा. माना जा रहा है की दीवार की ऊंचाई बढ़ने से सुरक्षा को काफी मजबूती मिलेगी.

बढ़ेगी सीसीटीवी कैमरों की संख्या, 50 मीटर की परिधि से हटेगा अतिक्रमण  

इसके अतिरिक्त सीसीटीवी कैमरों की संख्या को भी और बढ़ाए जाने की योजना है। इसके लिए भी विभागीय निर्देश के आलोक में जल्द ही कार्य शुरु किया जाएगा। साथ ही साथ जेल परिसर के आसपास लगभग 50 मीटर तक व्याप्त अतिक्रमण को हटाए जाने के लिए भी कार्य शुरु किया गया था और अंचलाधिकारी के स्तर से अवैध कब्जाधारियों को अतिक्रमण हटाने का नोटिस दिया गया था। उम्मीद है कि जल्द ही इस दिशा में भी तेजी से कार्य किया जाएगा। 

जेल की दीवार फांदकर भागे थे 5 बंदी, सुरक्षाकर्मियों पर हुई थी फायरिंग 

यहां बता दें कि 30-31 दिसम्बर 2016 की दरम्यानी रात 5 बंदी दीवार फांदकर भाग गए थे. तीन वर्षों के बाद 17 नवंबर 2019 को जेल के गंगा तट की तरफ खुलने वाले फाटक पर असामाजिक तत्वों ने सुरक्षा कर्मियों को निशाना बनाते हुए फायरिंग की थी. हालांकि सुरक्षाकर्मी बाल-बाल बच गए थे. इस घटना के बाद गंगा तट की तरफ खुलने वाले फाटक का इस्तेमाल बंद कर दिया गया. 

कारा अधीक्षक ज्ञानिता गौरव का कहना है कि कारा एवं सुधार विभाग के निर्देशानुसार पूरे प्रदेश में जेलों की सुरक्षा बढ़ाए जाने का कार्य किया जा रहा है. जिसके तहत बाउंड्री वॉल को ऊंचा किया जा रहा है. इसके पूरा होते ही सुरक्षा के अन्य इंतजामों को भी मजबूत किया जाएगा.







Post a Comment

0 Comments