बक्सर-इटाढ़ी मार्ग पर रफ्तार का कहर : दो हादसों में तीन युवकों की दर्दनाक मौत ..

रफ्तार ने तीन घरों के चिराग बुझा दिए. कुछ ही घंटों के अंतराल पर हुई दो अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में तीन युवकों की मौत हो गई. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.







                                         


  • अलग-अलग स्थानों पर टक्कर से मची चीख-पुकार, रात भर मातम में डूबा इलाका
  • पुलिस ने शवों का कराया पोस्टमार्टम, परिजनों को सौंपा गया पार्थिव शरीर

बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : मुफ़स्सिल थाना क्षेत्र स्थित बक्सर-इटाढ़ी मार्ग पर मंगलवार की रात रफ्तार ने तीन घरों के चिराग बुझा दिए. कुछ ही घंटों के अंतराल पर हुई दो अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में तीन युवकों की मौत हो गई. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए.

पहली घटना लालगंज स्थित वास्तु बिहार के समीप हुई. किसी अज्ञात वाहन की टक्कर से 33 वर्षीय बाइक सवार युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई. मृतक की पहचान धनसोई थाना क्षेत्र के सिसौंधा निवासी विश्वनाथ यादव के पुत्र उपेंद्र यादव के रूप में हुई. बताया जाता है कि उपेंद्र यादव बक्सर से अपने गांव लौट रहे थे. इसी दौरान किसी वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी. रात का समय और सुनसान सड़क होने के कारण वह घायल अवस्था में देर तक तड़पते रहे. गश्ती पर निकली पुलिस की नजर जब उन पर पड़ी तो उन्हें तत्काल सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया.

दूसरी घटना इसी मार्ग पर पीसी कॉलेज के पास हुई. यहां दो तेज रफ्तार बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई. टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए. पुलिस ने तत्काल दोनों को सदर अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें भी मृत घोषित कर दिया.

मृतकों में इटाढ़ी थाना क्षेत्र के हरपुर निवासी अरविंद चौधरी का 22 वर्षीय पुत्र विवेक कुमार और लालगंज निवासी राजनरायन सिंह का 30 वर्षीय पुत्र रोहित कुमार शामिल हैं. विवेक कुमार बक्सर से अपने गांव लौट रहे थे, तभी सामने से आ रही तेज रफ्तार बाइक से उनकी भिड़ंत हो गई.

चौकी प्रभारी गुड्डू चौधरी ने बताया कि दोनों घटनाओं में कुल तीन युवकों की मौत हुई है. आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं. घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर है. उधर, सदर अस्पताल के चिकित्सा प्रभारी डॉ सरस्वती चन्द्र मिश्र का कहना है कि युवकों को सिर में ही चोट लगी थी जिससे उनकी मौत हुई. अगर उन्होंने हेलमेट पहनी होती तो शायद उनकी मौत ना होती.








Post a Comment

0 Comments