स्टेज पर जयमाल का कार्यक्रम चल रहा था और परिजन मोबाइल से तस्वीरें व वीडियो बना रहे थे. इसी दौरान पड़ोस का एक युवक अचानक स्टेज पर चढ़ आया. किसी को कुछ समझ में आता, इससे पहले उसने दुल्हन पर गोली चला दी.
- मल्लाह टोली में शादी समारोह के दौरान कथित प्रेमी ने स्टेज पर चढ़कर मारी गोली
- घटना के बाद अफरा-तफरी, आरोपी फरार; गिरफ्तारी के लिए पुलिस की छापेमारी जारी
बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : मुफस्सिल थाना क्षेत्र के चौसा नगर पंचायत स्थित मल्लाह टोली में सोमवार रात एक शादी समारोह उस वक्त खून से रंग गया, जब जयमाल की रस्म के दौरान दुल्हन को गोली मार दी गई. खुशियों से गूंज रहा पंडाल चीख-पुकार में बदल गया और देखते ही देखते पूरा माहौल मातम में तब्दील हो गया. गंभीर रूप से घायल दुल्हन को आनन-फानन में अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से उसे वाराणसी रेफर कर दिया गया है.
जानकारी के अनुसार उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के सुलेमनपुर गांव से बारात चौसा पहुंची थी. द्वारपूजा और अन्य रस्में शांतिपूर्वक संपन्न हो चुकी थीं. स्टेज पर जयमाल का कार्यक्रम चल रहा था और परिजन मोबाइल से तस्वीरें व वीडियो बना रहे थे. इसी दौरान पड़ोस का एक युवक अचानक स्टेज पर चढ़ आया. किसी को कुछ समझ में आता, इससे पहले उसने दुल्हन पर गोली चला दी.
गोली लगते ही दुल्हन आरती कुमारी (18 वर्ष), पिता नन्द जी मल्लाह, मंच पर ही गिर पड़ी. उसके गिरते ही समारोह स्थल पर भगदड़ मच गई. महिलाएं रोने-बिलखने लगीं और बाराती इधर-उधर भागने लगे. कुछ लोगों ने आरोपी को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन वह मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया.
परिजनों और ग्रामीणों की मदद से घायल आरती को तुरंत बक्सर सदर अस्पताल ले जाया गया. चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया, लेकिन हालत नाजुक देखते हुए बेहतर इलाज के लिए वाराणसी रेफर कर दिया. देर रात एंबुलेंस से उसे वाराणसी भेजा गया, जहां उसका इलाज जारी है.
स्थानीय लोगों के अनुसार यह मामला प्रेम-प्रसंग से जुड़ा बताया जा रहा है. आरोपी युवक दुल्हन का पड़ोसी है और दोनों के बीच पहले से जान-पहचान की चर्चा हो रही है. हालांकि पुलिस ने अभी तक आधिकारिक रूप से प्रेम-प्रसंग की पुष्टि नहीं की है.
घटना की सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया. पुलिस ने पंडाल में मौजूद लोगों से पूछताछ की है और आरोपी की पहचान के आधार पर उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी शुरू कर दी है. अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
इधर शादी समारोह में मातम पसरा हुआ है. जहां कुछ देर पहले शहनाई की धुन बज रही थी, वहां अब सन्नाटा और आंसुओं का माहौल है. दुल्हन की हालत को लेकर दोनों परिवारों में गहरी चिंता बनी हुई है. पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है.
वीडियो :




.png)


.png)
.gif)







0 Comments