चाय की चुस्की पड़ी महंगी, पैक्स अध्यक्ष के तीन लाख रुपये उड़े ..

अपराधियों ने बड़ी सफाई से कार का शीशा काटा और सीट पर रखा नगदी से भरा बैग लेकर फरार हो गए. जब दोनों भाई चाय पीकर वापस गाड़ी के पास पहुंचे तो कार का शीशा टूटा देख उनके होश उड़ गए. 






                                         


  • बैंक से रुपये निकाल चाय पीने रुके, उचक्कों ने कार का शीशा काट उड़ा दिया बैग
  • चौसा गोला मोड़ पर वारदात, सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस

बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : बैंक से तीन लाख रुपये निकालकर घर लौट रहे पैक्स अध्यक्ष को रास्ते में ही उचक्कों ने निशाना बना लिया. सोमवार दोपहर मुफस्सिल थाना क्षेत्र के चौसा गोला मोड़ के समीप अपराधियों ने कार का शीशा काटकर सीट पर रखा रुपये से भरा बैग उड़ा दिया. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है.

मिली जानकारी के अनुसार राजपुर थाना क्षेत्र के सोनपा गांव निवासी पैक्स अध्यक्ष राजेश राय अपने भाई सुनील राय के साथ चौसा स्थित स्टेट बैंक शाखा से दोपहर में तीन लाख रुपये निकालकर गांव लौट रहे थे. लगभग दो बजे वे चौसा गोला मोड़ के पास पहुंचे और गाड़ी खड़ी कर चाय पीने लगे. इसी दौरान बाइक सवार उचक्कों ने मौके का फायदा उठाया.

बताया जाता है कि अपराधियों ने बड़ी सफाई से कार का शीशा काटा और सीट पर रखा नगदी से भरा बैग लेकर फरार हो गए. जब दोनों भाई चाय पीकर वापस गाड़ी के पास पहुंचे तो कार का शीशा टूटा देख उनके होश उड़ गए. सीट पर रखा बैग गायब था. घटना की जानकारी तुरंत मुफस्सिल थाना पुलिस को दी गई.

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आसपास की दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू की. प्रारंभिक जानकारी में दो बाइक पर सवार चार संदिग्ध युवक गाड़ी के आसपास मंडराते नजर आए हैं. पुलिस फुटेज के आधार पर उनकी पहचान में जुटी है.

दिनदहाड़े हुई इस वारदात से इलाके में दहशत का माहौल है. स्थानीय लोगों ने पुलिस से गश्त बढ़ाने और बैंक से नगदी ले जाने वालों को सुरक्षा मुहैया कराने की मांग की है. मुफस्सिल थाने की पुलिस ने जल्द खुलासा करने का दावा किया है.








Post a Comment

0 Comments