माखन चोरी, पूतना वध और ग्वाल बालों के साथ की गई लीलाओं का वर्णन सुन श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे. इसके बाद गोवर्धन लीला प्रसंग में भगवान द्वारा इंद्र के अभिमान को तोड़ने और ब्रजवासियों की रक्षा के लिए गोवर्धन पर्वत धारण करने की कथा का विस्तार से वर्णन किया गया.
- गोवर्धन लीला का भावपूर्ण वर्णन, भक्तिरस में डूबे श्रद्धालु
- 27 फरवरी को होगा प्रसाद वितरण एवं भंडारा
बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : जिले के राजपुर प्रखंड अंतर्गत ग्राम कथराई स्थित फार्म हाउस में आयोजित संगीतमय श्रीमद् भागवत सप्ताह ज्ञान यज्ञ के पांचवें दिन सोमवार, 24 फरवरी को श्रीकृष्ण बाल लीलाओं और गोवर्धन लीला का भावपूर्ण वर्णन किया गया. कथा स्थल पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे और पूरा परिसर भक्ति गीतों व संकीर्तन से गुंजायमान रहा.
वृंदावन धाम के प्रख्यात कथा वाचक आचार्य गोविन्दजी दुबे ने श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं का सजीव चित्रण करते हुए बताया कि किस प्रकार बाल्यावस्था में ही भगवान ने अपनी दिव्य शक्तियों का परिचय दिया. माखन चोरी, पूतना वध और ग्वाल बालों के साथ की गई लीलाओं का वर्णन सुन श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे. इसके बाद गोवर्धन लीला प्रसंग में भगवान द्वारा इंद्र के अभिमान को तोड़ने और ब्रजवासियों की रक्षा के लिए गोवर्धन पर्वत धारण करने की कथा का विस्तार से वर्णन किया गया.
कथा के दौरान संगीतमय प्रस्तुति ने माहौल को और भक्तिमय बना दिया. श्रद्धालुओं ने भक्ति गीतों पर झूमते हुए भगवान श्रीकृष्ण के जयकारे लगाए. आयोजन समिति की ओर से व्यवस्था सुदृढ़ रखी गई है.
ज्ञात हो कि यह संगीतमय श्रीमद् भागवत सप्ताह 20 फरवरी से प्रारंभ होकर 26 फरवरी तक चलेगा. 25 फरवरी को महारास, रास पंचाध्यायी, गोपी-उद्धव संवाद एवं रुक्मिणी विवाह का प्रसंग होगा, जबकि 26 फरवरी को नृग चरित्र, सुदामा चरित्र, शुकदेव विदाई और हवन पूर्णाहुति के साथ यज्ञ का समापन किया जाएगा. 27 फरवरी को अपराह्न 2.00 बजे से प्रसाद वितरण एवं भंडारा आयोजित है.
आयोजक उमा राय एवं ई० उदय नारायण राय “किसान रत्न” (अभ्युदय प्रेस, बक्सर) ने श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर धर्मलाभ लेने की अपील की है.




.png)


.png)
.gif)







0 Comments