तेज रफ्तार ट्रक ने छीनी युवक की जिंदगी, शादी से लौटते समय दर्दनाक हादसा ..

जैसे ही उनकी बाइक जलहरा बैंक के पास पहुंची, विपरीत दिशा से आ रही तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर लगते ही वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए. 







                                         



  • जलहरा के समीप मुख्य मार्ग पर देर रात हुई घटना, ट्रक चालक फरार
  • गाजीपुर निवासी 30 वर्षीय युवक की मौत, परिजनों में मचा कोहराम

बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : राजपुर थाना क्षेत्र के चौसा-कोचस मुख्य मार्ग पर जलहरा के समीप देर रात तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से एक बाइक सवार युवक की मौत हो गई. हादसा इतना जबरदस्त था कि युवक ने अस्पताल पहुंचने से पहले ही दम तोड़ दिया. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई, जबकि ट्रक चालक अंधेरे का लाभ उठाकर मौके से फरार हो गया.

मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिला अंतर्गत मोहम्मदाबाद थाना क्षेत्र के अहिरौली गांव निवासी 30 वर्षीय राकेश खरवार, पिता अशोक खरवार के रूप में हुई है. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया और घटना की सूचना परिजनों को दी.

मिली जानकारी के अनुसार, रात्रि लगभग 11 बजे राकेश खरवार कोचस की ओर से अपने घर लौट रहे थे. जैसे ही उनकी बाइक जलहरा बैंक के पास पहुंची, विपरीत दिशा से आ रही तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर लगते ही वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए. कुछ देर बाद राहगीरों की नजर उन पर पड़ी और उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी.

सूचना मिलते ही राजपुर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल अवस्था में युवक को राजपुर सीएचसी ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. युवक के पास मौजूद मोबाइल फोन से पुलिस ने परिजनों को सूचना दी.

परिजनों ने बताया कि राकेश एक शादी समारोह में शामिल होने गए थे और वहीं से घर लौट रहे थे. अचानक हुए इस हादसे से परिवार में मातम पसरा है. पुलिस फरार ट्रक और चालक की तलाश में जुटी है.








Post a Comment

0 Comments