पुलिस को बताया कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष द्वारा दहेज में दो लाख रुपये और बुलेट बाइक की मांग की जा रही थी. दहेज नहीं मिलने पर श्यामा को लगातार प्रताड़ित किया जाता था.
- फंदे से लटका मिला शव, मायके वालों ने गला दबाकर हत्या का लगाया आरोप
- पति और सास गिरफ्तार, ननद पर भी एफआईआर, पुलिस कर रही जांच
बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : नगर थाना क्षेत्र के बीबीगंज मोहल्ले में रविवार को एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई. विवाहिता का शव फंदे से लटका हुआ मिला. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया. पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया.
मिली जानकारी के मुताबिक सोहनी पट्टी मोहल्ले के कन्हैया पांडेय की पुत्री श्यामा कुमारी की शादी दिसंबर 2025 में उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले के भांवरकोल थाना क्षेत्र अंतर्गत वीरपुर निवासी स्व. संजय चौबे के पुत्र राहुल कुमार चौबे के साथ हुई थी. शादी के कुछ दिनों बाद श्यामा अपने पति और ससुराल वालों के साथ बीबीगंज मोहल्ले में के के मंडल महिला कॉलेज के समीप स्थित मकान में रहने लगी थी.
मृतका के पिता कन्हैया पांडेय ने पुलिस को बताया कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष द्वारा दहेज में दो लाख रुपये और बुलेट बाइक की मांग की जा रही थी. दहेज नहीं मिलने पर श्यामा को लगातार प्रताड़ित किया जाता था. प्रताड़ना से परेशान होकर रविवार को श्यामा ने अपने पिता को फोन कर इसकी जानकारी दी थी. पिता ने रविवार होने के कारण सोमवार को बेटी को मायके लाने का भरोसा दिया था.
इसी दौरान रविवार की शाम करीब छह बजे राहुल चौबे ने अपने ससुर कन्हैया पांडेय को फोन कर सूचना दी कि आपकी पुत्री फंदे से लटक गई है. सूचना मिलते ही परिजन बीबीगंज पहुंचे. उनका कहना है कि वहां पहुंचने पर देखा कि कमरे का दरवाजा खुला हुआ था और श्यामा का शव पंखे से दुपट्टे के फंदे के सहारे लटका हुआ था. इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई.
इस मामले में मृतका के पिता ने पति राहुल चौबे, सास सीमा देवी और ननद पूजा के खिलाफ दहेज के लिए गला दबाकर हत्या करने तथा बाद में शव को फंदे से लटकाने का आरोप लगाते हुए एफआईआर दर्ज कराई है. टाउन थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी पति और सास को गिरफ्तार कर लिया गया है. पूरे मामले की जांच की जा रही है और आगे की कार्रवाई जारी है.




.png)


.png)
.gif)







0 Comments