ट्रैक्टर चालक ने अचानक सामने आए साइकिल सवार को बचाने का प्रयास किया, लेकिन वाहन का संतुलन बिगड़ गया. ट्रैक्टर साइकिल सवार को टक्कर मारते हुए पलट गया और दोनों उसके नीचे दब गए.
- साइकिल सवार को बचाने के प्रयास में हुआ हादसा, दो परिवारों पर टूटा दुखों का पहाड़
- मुआवजा व बच्चों के भरण-पोषण की मांग, अस्पताल पहुंचे भाजपा के कई नेता
बक्सर टॉप न्यूज, बक्सर : इटाढ़ी थाना क्षेत्र के नाथपुर गांव के समीप गुरुवार को नगर परिषद का कचरा ढोने वाला ट्रैक्टर पलट जाने से चालक समेत दो लोगों की मौत हो गई. कचरा डंप कर बक्सर लौटने के दौरान साइकिल सवार को बचाने की कोशिश में ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में पलट गया. हादसे में चालक और साइकिल सवार दोनों की जान चली गई.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रैक्टर चालक ने अचानक सामने आए साइकिल सवार को बचाने का प्रयास किया, लेकिन वाहन का संतुलन बिगड़ गया. ट्रैक्टर साइकिल सवार को टक्कर मारते हुए पलट गया और दोनों उसके नीचे दब गए. गंभीर रूप से घायल दोनों को डायल 112 की पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर बक्सर सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
मृतकों में राजपुर थाना क्षेत्र के कठजा गांव निवासी 25 वर्षीय धर्मेंद्र राम, पिता योगेंद्र राम, शामिल हैं. वह नगर परिषद की सफाई एजेंसी में ट्रैक्टर चालक के रूप में कार्यरत थे. साइकिल सवार की पहचान इटाढ़ी थाना क्षेत्र के चिलबिला निवासी दयाशंकर शर्मा के रूप में हुई है.
धर्मेंद्र राम विवाहित थे और ट्रैक्टर चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते थे. उनके दो छोटे बच्चे हैं. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. उल्लेखनीय है कि धर्मेंद्र राम भाजपा नेत्री व जिला उपाध्यक्ष इंदु देवी के छोटे देवर थे. घटना की सूचना मिलते ही सदर अस्पताल में भाजपा नेताओं का जमावड़ा लग गया.
जिलाध्यक्ष कंचन देवी ने परिजनों से मिलकर सांत्वना दी और नगर परिषद से उचित मुआवजा तथा बच्चों की पढ़ाई व भरण-पोषण की व्यवस्था करने की मांग की. सदर अस्पताल पहुंचे नेताओं में जिला महामंत्री लक्ष्मण शर्मा, जिला महामंत्री पुनीत सिंह, विधायक के सहयोगी रवि मिश्रा समेत कई अन्य भाजपा नेता शामिल थे.
इटाढ़ी थानाध्यक्ष सोनू कुमार ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त ट्रैक्टर और क्षतिग्रस्त साइकिल को जब्त कर लिया गया है. दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है. कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव स्वजनों को सौंप दिए जाएंगे.




.png)


.png)
.gif)







0 Comments