बंदी की मौत पर दोबारा बवाल, सेंट्रल जेल प्रशासन पर एफआइआर ..

पोस्टमार्टम के उपरांत स्वजनों ने शव को ज्योति प्रकाश चौक पर रखकर सड़क जाम कर दिया और सेंट्रल जेल प्रशासन के विरुद्ध एफआइआर दर्ज करने की मांग पर अड़ गए. करीब ढाई घंटे तक चले इस प्रदर्शन से शहर की यातायात व्यवस्था प्रभावित रही. 

 






                                         


  • पोस्टमार्टम के बाद ज्योति प्रकाश चौक जाम, ढाई घंटे थमा यातायात
  • एसडीएम के आश्वासन पर शांत हुए स्वजन, आवेदन के आधार पर दर्ज होगा मामला

बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : केंद्रीय कारा में बंद रहे राजेंद्र प्रसाद की मौत के बाद शुक्रवार को एक बार फिर शहर में बवाल मच गया. पोस्टमार्टम के उपरांत स्वजनों ने शव को ज्योति प्रकाश चौक पर रखकर सड़क जाम कर दिया और सेंट्रल जेल प्रशासन के विरुद्ध एफआइआर दर्ज करने की मांग पर अड़ गए. करीब ढाई घंटे तक चले इस प्रदर्शन से शहर की यातायात व्यवस्था प्रभावित रही. अंततः प्रशासनिक अधिकारियों के आश्वासन के बाद जाम समाप्त कराया जा सका.

जानकारी के अनुसार, दिन में एसडीपीओ के समझाने-बुझाने पर स्वजन पोस्टमार्टम के लिए तैयार हुए थे. प्रक्रिया पूरी होने के बाद जब शव परिजनों को सौंपा गया तो वे सीधे ज्योति प्रकाश चौक पहुंचे और सड़क पर शव रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया. उनका आरोप था कि राजेंद्र प्रसाद की मौत स्वाभाविक नहीं है, बल्कि जेल के अंदर हुई प्रताड़ना का परिणाम है. परिजन पहले से ही जेल प्रशासन पर मारपीट का आरोप लगाते रहे हैं.

शाम लगभग 6 बजे शुरू हुआ सड़क जाम रात करीब 8:30 बजे तक चला. इस दौरान चौक के चारों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं. आम लोगों और दुकानदारों को भारी परेशानी झेलनी पड़ी. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सदर एसडीएम अविनाश कुमार और एसडीपीओ मौके पर पहुंचे. अधिकारियों ने स्वजनों से वार्ता की और उन्हें कानूनी प्रक्रिया की जानकारी दी.

सदर एसडीएम अविनाश कुमार ने कहा कि चूंकि बंदी की मौत जेल परिसर में हुई है, इसलिए स्वजन यदि सेंट्रल जेल प्रशासन के विरुद्ध आवेदन देते हैं तो उसके आधार पर एफआइआर दर्ज की जाएगी. उन्होंने भरोसा दिलाया कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी और दोषी पाए जाने पर संबंधित लोगों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई होगी.

अधिकारियों के आश्वासन के बाद स्वजन शांत हुए और सड़क जाम समाप्त किया गया. फिलहाल पूरे मामले में आवेदन मिलने की प्रक्रिया चल रही है. अब सभी की नजर एफआइआर दर्ज होने और जांच की दिशा पर टिकी है.








Post a Comment

0 Comments