चैती छठ पर बदलेगा बक्सर का ट्रैफिक, कई मार्गों पर नो-एंट्री लागू ..

जारी आदेश के अनुसार ज्योति चौक से थाना चौक और खलासी मुहल्ला की ओर जाने वाले मार्ग पर वाहनों की एंट्री बंद रहेगी. वहीं नाथ बाबा पुल से नगर थाना की ओर भी किसी वाहन को जाने की अनुमति नहीं होगी. सिंडिकेट से जमुना चौक की ओर जाने वाले मार्ग पर भी सभी प्रकार के वाहनों के प्रवेश पर रोक लगा दी गई है.







                                 


  • रामरेखा घाट सहित विभिन्न घाटों पर भीड़ को देखते हुए विशेष व्यवस्था
  • 24 मार्च शाम से 25 मार्च तक लागू रहेगा नया रूट प्लान, पार्किंग स्थल भी तय

बक्सर टॉप न्यूज, बक्सर : चैती छठ महापर्व को लेकर बक्सर शहर में यातायात व्यवस्था पूरी तरह बदल दी गई है. 24 मार्च की शाम 3 बजे से 25 मार्च की सुबह 8 बजे तक विशेष ट्रैफिक रूट प्लान लागू रहेगा. रामरेखा घाट समेत विभिन्न घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए कई प्रमुख सड़कों पर वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित कर दिया गया है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो और आवागमन सुगम बना रहे.

पुलिस उपाधीक्षक (यातायात) संतोष कुमार सिंह द्वारा जारी आदेश के अनुसार ज्योति चौक से थाना चौक और खलासी मुहल्ला की ओर जाने वाले मार्ग पर वाहनों की एंट्री बंद रहेगी. वहीं नाथ बाबा पुल से नगर थाना की ओर भी किसी वाहन को जाने की अनुमति नहीं होगी. सिंडिकेट से जमुना चौक की ओर जाने वाले मार्ग पर भी सभी प्रकार के वाहनों के प्रवेश पर रोक लगा दी गई है.

शहर के कई प्रमुख स्थानों जैसे पुराना सदर अस्पताल, हनुमान फाटक, आईटीआई मोड़, डीएवी मोड़, एमवी कॉलेज मोड़, एसडीओ आवास मोड़ और एमपी हाई स्कूल मोड़ पर पुलिस बल की तैनाती की गई है. इन स्थानों पर यातायात को नियंत्रित करने के लिए विशेष निगरानी रखी जाएगी.

चारपहिया, ई-रिक्शा, ऑटो और बाइक के लिए वैकल्पिक रूट भी तय किए गए हैं. वाहन गोलम्बर, सिंडिकेट, बायपास बस स्टैंड, ज्योति चौक, आईटीआई मोड़, मठिया मोड़ और दानी कुटिया होते हुए अपने गंतव्य तक जा सकेंगे. वहीं कुछ मार्गों पर केवल दोपहिया वाहनों को ही सीमित अनुमति दी गई है.

पार्किंग की व्यवस्था भी शहर के विभिन्न स्थानों पर की गई है. सिंडिकेट के पास, बाजार समिति ग्राउंड, एमपी हाई स्कूल मैदान और एमवी कॉलेज मैदान को पार्किंग स्थल बनाया गया है, जहां दोपहिया से लेकर बड़े वाहनों तक को व्यवस्थित ढंग से खड़ा किया जाएगा. 25 मार्च की सुबह 8 बजे तक सभी वाहनों को पार्किंग स्थल से हटाना अनिवार्य होगा.

प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि एम्बुलेंस, रोगी और अत्यावश्यक सेवा से जुड़े वाहनों को नो-एंट्री से छूट रहेगी. रेलवे स्टेशन जाने वाले यात्रियों को अपने साथ टिकट रखना अनिवार्य होगा. आम नागरिकों से अपील की गई है कि वे अनावश्यक रूप से चारपहिया वाहनों का प्रयोग न करें.

इसके अलावा 24 मार्च सुबह 6 बजे से 25 मार्च रात 10 बजे तक शहर में सभी बड़े वाहनों के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा. यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए अनुमंडल पदाधिकारी, विभिन्न थाना प्रभारी और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं.











Post a Comment

0 Comments