छात्रों, युवाओं और आम नागरिकों की बड़ी भागीदारी ने आयोजन को सफल बना दिया. मैराथन का उद्देश्य लोगों को फिटनेस के प्रति जागरूक करना और खेलों के माध्यम से सामाजिक एकता को मजबूत करना रहा.
- “रन फॉर फिट बक्सर” में दिखा जोश, नगर भवन में गूंजे संस्कृति के रंग
- प्रशासन के आयोजन में फिटनेस और विरासत दोनों का संदेश
बक्सर टॉप न्यूज, बक्सर : बिहार दिवस के अवसर पर रविवार को जिला प्रशासन द्वारा आयोजित कार्यक्रमों ने पूरे शहर को उत्साह और ऊर्जा से भर दिया. एक ओर जहां “रन फॉर फिट बक्सर” मैराथन के जरिए लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया गया, वहीं दूसरी ओर नगर भवन में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बिहार की समृद्ध परंपरा और विरासत को जीवंत कर दिया.
सबसे पहले 11 नंबर लख बड़ी नहर से सोंधीला पुल तक “बक्सर मैराथन” का आयोजन किया गया, जिसकी शुरुआत जिला पदाधिकारी साहिला ने हरी झंडी दिखाकर की. इस दौड़ में विभिन्न आयु वर्ग के प्रतिभागियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया. छात्रों, युवाओं और आम नागरिकों की बड़ी भागीदारी ने आयोजन को सफल बना दिया. मैराथन का उद्देश्य लोगों को फिटनेस के प्रति जागरूक करना और खेलों के माध्यम से सामाजिक एकता को मजबूत करना रहा.
दौड़ के समापन के बाद विजेताओं को पुरस्कार और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया. इस दौरान जिला पदाधिकारी ने कहा कि स्वस्थ समाज ही विकसित बिहार की नींव है और सभी को अपने जीवन में नियमित व्यायाम को अपनाना चाहिए.
इसी क्रम में नगर भवन बक्सर में कला एवं संस्कृति विभाग और जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में मुख्य समारोह का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का उद्घाटन जिला पदाधिकारी साहिला, पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य, उप विकास आयुक्त निहारिका छवि और अपर समाहर्ता अरुण कुमार सिंह द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया.
कार्यक्रम में कलाकारों ने शानदार प्रस्तुतियां देकर दर्शकों का मन मोह लिया. शुभम कुमार ने गणेश वंदना, मनीष कुमार पटेल ने बिहार गौरव गान, आइसा राज ने “देश रंगीला” गीत, हरिकेश रवानी ने बक्सर की महिमा और राहुल कुमार ने बिहार गीत प्रस्तुत कर माहौल को देशभक्ति और सांस्कृतिक रंगों से सराबोर कर दिया.
इस अवसर पर जिला पदाधिकारी ने “उन्नत बिहार, उज्ज्वल बिहार” के लक्ष्य को दोहराते हुए कहा कि बिहार की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत पर गर्व करते हुए हम सभी को इसके विकास में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए.
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, छात्र-छात्राएं और विभिन्न संगठनों के सदस्य उपस्थित रहे. जिला प्रशासन ने संकेत दिया कि भविष्य में भी इस तरह के आयोजन नियमित रूप से किए जाएंगे, ताकि बक्सर में फिटनेस और सांस्कृतिक चेतना दोनों को बढ़ावा मिल सके.




.png)


.png)










0 Comments