एम्बुलेंस बनी तस्करी का जरिया, लाखों रुपयों की शराब के साथ चालक गिरफ्तार ..

सूचना मिलते ही पुलिस ने संदिग्ध एम्बुलेंस को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक पुलिस को चकमा देकर सरेंजा की तरफ भागने लगा. इसके बाद मुफस्सिल थाना ने तत्काल राजपुर थाना को सूचना दी, जिसके बाद सरेंजा मोड़ पर सघन जांच अभियान शुरू किया गया.







                                 


  • पुलिस की मुस्तैदी से सरेंजा मोड़ पर पकड़ी गई बड़ी खेप
  • एंबुलेंस में लादकर यूपी से पटना ले जाई जा रही थी शराब 

बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : जिले में शराब तस्करी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एम्बुलेंस जैसे संवेदनशील वाहन का इस्तेमाल अवैध शराब ढोने के लिए किया जा रहा था. राजपुर थाना पुलिस ने सरेंजा मोड़ के समीप कार्रवाई करते हुए शराब से भरी एम्बुलेंस को पकड़ लिया और चालक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया.

इस बाबत प्राप्त जानकारी के अनुसार, शनिवार की शाम मुफस्सिल थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि यूपी की ओर से भारी मात्रा में शराब की खेप लाई जा रही है. सूचना मिलते ही पुलिस ने संदिग्ध एम्बुलेंस को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक पुलिस को चकमा देकर सरेंजा की तरफ भागने लगा. इसके बाद मुफस्सिल थाना ने तत्काल राजपुर थाना को सूचना दी, जिसके बाद सरेंजा मोड़ पर सघन जांच अभियान शुरू किया गया.

जांच के दौरान पुलिस ने भाग रही एम्बुलेंस को रोक लिया. तलाशी लेने पर वाहन के अंदर से 52 पेटी शराब बरामद की गई, जिसकी कुल मात्रा करीब 452 लीटर बताई जा रही है. इतनी बड़ी मात्रा में शराब मिलने से पुलिस भी हैरान रह गई.

पुलिस ने मौके से एम्बुलेंस चालक को गिरफ्तार कर लिया. उसकी पहचान पटना जिला के सदीसोपुर निवासी रामबिलास प्रसाद के पुत्र मोनु कुमार के रूप में हुई है. पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि वह यूपी से शराब लेकर पटना जा रहा था.

राजपुर थाना पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. साथ ही पूरे मामले की जांच की जा रही है कि इस तस्करी नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं. पुलिस का कहना है कि इस तरह के मामलों पर कड़ी नजर रखी जा रही है और अवैध शराब कारोबार के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जाएगा.











Post a Comment

0 Comments