मुख्यमंत्री की समृद्धि यात्रा को लेकर बक्सर में ट्रैफिक व्यवस्था बदली, कई मार्गों पर रहेगा प्रतिबंध ..

सुबह 06:00 बजे से शाम 04:00 बजे तक शहर के कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों का प्रवेश पूरी तरह या आंशिक रूप से प्रतिबंधित रहेगा. इस दौरान आम लोगों से अनावश्यक रूप से चारपहिया वाहनों का प्रयोग नहीं करने की अपील की गई है.







                                 



सुबह 6 बजे से शाम 4 बजे तक लागू रहेगा रूट प्लान

प्रशासन ने आम लोगों से की सहयोग की अपील 

बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : 25 मार्च को को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की समृद्धि यात्रा को लेकर बक्सर शहर में व्यापक ट्रैफिक रूट प्लान लागू किया गया है. पुलिस उपाधीक्षक कार्यालय द्वारा जारी निर्देश के अनुसार सुबह 06:00 बजे से शाम 04:00 बजे तक शहर के कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों का प्रवेश पूरी तरह या आंशिक रूप से प्रतिबंधित रहेगा. इस दौरान आम लोगों से अनावश्यक रूप से चारपहिया वाहनों का प्रयोग नहीं करने की अपील की गई है.

निर्देशानुसार न्यू सदर अस्पताल मोड़, मठिया मोड़, आईटीआई मोड़, सेंट्रल जेल मोड़, हवाई अड्डा मोड़, नाथ बाबा पुल पुलिस चौकी (थाना चौक), ज्योति चौक, थाना चौक, रामरेखा घाट तथा डीएवी मोड़ से आईटीआई मोड़ तक के मार्गों पर प्रतिबंध लागू रहेगा. वहीं चारपहिया वाहन, ई-रिक्शा, ऑटो और मोटरसाइकिल के लिए गोलंबर, सिंडिकेट, बाईपास बस स्टैंड, ज्योति चौक, अंबेडकर चौक, स्टेशन, इटाढ़ी गुमटी, यमुना चौक, ठठेरी बाजार, पीपी रोड और मुनीम चौक होते हुए वैकल्पिक रूट तय किए गए हैं.

सभा में शामिल होने वाले कार्यकर्ताओं के वाहनों के लिए अलग रूट और पार्किंग की व्यवस्था की गई है. गोलंबर-सिंडिकेट-ज्योति चौक-अंबेडकर चौक होते हुए बाजार समिति परिसर, चौसा से मठिया मोड़, आईटीआई मोड़, डीएवी मोड़ होते हुए राजाराम समिति तथा इटाढ़ी-पांडेय पट्टी गुमटी से बाजार समिति तक पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं.

शहर में चिन्हित प्रमुख पार्किंग स्थलों में बाजार समिति कैंपस, रेलवे स्टेशन के पास गोदाम क्षेत्र, आईटीआई मैदान गेट, किला मैदान के पीछे, डीआरसीसी कैंपस (केवल सरकारी वाहनों के लिए), एमपी हाई स्कूल, रेलवे माल गोदाम के पास तथा सिंडिकेट क्षेत्र शामिल हैं, जहां वाहनों को व्यवस्थित ढंग से खड़ा कराया जाएगा.

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि एम्बुलेंस, मरीज और अतिआवश्यक सेवा वाले वाहनों पर कोई प्रतिबंध लागू नहीं होगा. रेलवे स्टेशन जाने वाले यात्रियों को अपने साथ टिकट रखना अनिवार्य होगा. साथ ही 24 मार्च की रात 08:00 बजे से 25 मार्च की रात 10:00 बजे तक शहर में बड़े वाहनों की नो एंट्री लागू रहेगी. छठ व्रतियों के वाहनों को 25 मार्च की सुबह 08:00 बजे तक एमपी हाई स्कूल और एमवी कॉलेज से निकलने की अनुमति दी गई है.

बक्सर पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे जारी निर्देशों का पालन करें, ताकि कार्यक्रम शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सके.










Post a Comment

0 Comments