वीडियो : नहीं खुला इटाढ़ी रेलवे क्रॉसिंग, रबर पैड भी उखाड़ने से पैदल चलना भी मुश्किल, आरओबी के संवेदक पर एफआईआर दर्ज, रेलवे और डीएम के बयानों में टकराव ..

लोगों को आवाजाही में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. जिला मुख्यालय से रोहतास के दिनारा वाया इटाढ़ी-धनसोई जाने वाले लोगों को अन्य वैकल्पित मार्गों का सहारा लेना पड़ रहा है.






                               

  • - डीएम और रेलवे के बयानों में सामने आया विरोधाभास
  • - पहुंच पथ क्षतिग्रस्त होने के बाद निर्माण गुणवत्ता पर उठ रहे सवाल

बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) के पहुंच पथ के क्षतिग्रस्त होने के बाद उस पर  सभी वाहनों के लिए परिचालन बंद कर दिया गया है जबकि घटना के करीब 36 घंटे बाद भी इटाढ़ी रेलवे क्रॉसिंग को नहीं खोला जा सका है, इसी बीच पटरियों पर लगाएं गए रबर पैड उखाड़ने से पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है और यह चर्चा भी शुरु हो गई है कि रेलवे अब इस क्रॉसिंग को खोलने के मूड में नहीं हैं. इस बीच जिला प्रशासन और रेलवे के बयानों में विरोधाभास भी सामने आया है. उधर मामले में निर्माण कार्य से जुड़े संवेदक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है.

घटना के बाद से लोगों को आवाजाही में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. जिला मुख्यालय से रोहतास के दिनारा वाया इटाढ़ी-धनसोई जाने वाले लोगों को अन्य वैकल्पित मार्गों का सहारा लेना पड़ रहा है.

इस बाबत मिली जानकारी के अनुसार बक्सर-आरा रेल खंड पर एलसी संख्या-70ए स्थित आरओबी पर यातायात जारी था. इसी दौरान शुक्रवार सुबह तकरीबन साढ़े छह बजे एक्सपेंशन ज्वाइंट के पास कंक्रीट का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया. इसके बाद पुल पर परिचालन तत्काल रोक दिया गया. स्थिति को देखते हुए प्रशासन और रेलवे विभाग सक्रिय हुआ, लेकिन घटना के 36 घंटे बीत जाने के बाद भी इटाढ़ी रेलवे क्रॉसिंग को नहीं खोला जा सका है.

रेलवे का दावा 24 मार्च को ही डीएम को दी थी रेलवे क्रॉसिंग बंद करने की सूचना 

इस मामले में जिला प्रशासन और रेलवे के बयानों में भी अंतर सामने आया है. रेलवे के आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक बीते 24 मार्च को ही जिला प्रशासन को रेलवे फाटक बंद किए जाने की सूचना दे दी गई थी. वहीं जिलाधिकारी का कहना है कि उन्हें इस तरह की कोई सूचना नहीं मिली थी. दोनों पक्षों के अलग-अलग बयानों ने मामले को लेकर नई चर्चा शुरू कर दी है.

क्रॉसिंग खोलने के संदर्भ में कोई निर्णय नहीं : रेलवे

पूर्व मध्य रेलवे हाजीपुर के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सरस्वती चंद्र ने कहा कि रेलवे फाटक खोलने के संबंध में फिलहाल कोई निर्णय नहीं लिया गया है. वहीं शनिवार को जिलाधिकारी की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया कि उन्होंने क्षतिग्रस्त पुल का निरीक्षण किया है और फिलहाल पुल पर आवागमन पूरी तरह बंद रखा गया है.

निर्माण में लापरवाही के आरोप में संवेदक पर प्राथमिकी दर्ज

इसी बीच बिहार राज्य पुल निर्माण निगम लिमिटेड (बीआरपीएनएनएल) के कनीय अभियंता हरेराम राम की शिकायत पर मुफस्सिल थाना में संवेदक प्रमोद कुमार सिंह के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है. प्रमोद कुमार सिंह रोहतास जिले के सासाराम थाना क्षेत्र के बंसा गांव के निवासी बताए गए हैं.

कनीय अभियंता ने अपने आवेदन में बताया कि निर्माण कार्य में बरती गई लापरवाही के कारण यह स्थिति उत्पन्न हुई. आवेदन में यह भी कहा गया है कि यदि समय रहते खामी का पता नहीं चलता तो जान-माल की क्षति हो सकती थी.

वीडियो : 














Post a Comment

0 Comments