इंटरमीडिएट रिजल्ट में बक्सर की बेटियों का परचम, संगम बनीं टॉपर, कई विद्यार्थियों ने मारी बाजी ..

परीक्षा का परिणाम जारी होते ही खुशी की लहर दौड़ गई. इस वर्ष जिले के छात्र-छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन किया, जिसमें खासकर बेटियों ने अपनी प्रतिभा का परचम लहराते हुए जिले का मान बढ़ाया.
सफल छात्राएं संगम, प्रज्ञा व खुशबू (बाएं से दाएं)






                                 
  • संगम कुमारी ने 466 अंक के साथ किया जिला टॉप, प्रज्ञा समेत तीन छात्र दूसरे स्थान पर
  • प्रज्ञा (93%) और खुशबू (88%) की सफलता बनी प्रेरणा, साधारण परिवार से हासिल की बड़ी उपलब्धि

बक्सर टॉप न्यूज, बक्सर : इंटरमीडिएट (आर्ट्स, साइंस एवं कॉमर्स) परीक्षा का परिणाम जारी होते ही खुशी की लहर दौड़ गई. इस वर्ष जिले के छात्र-छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन किया, जिसमें खासकर बेटियों ने अपनी प्रतिभा का परचम लहराते हुए जिले का मान बढ़ाया.

बिहार विद्यालय परीक्षा समिति द्वारा जारी परिणाम में उच्च विद्यालय कोरान सराय की छात्रा संगम कुमारी ने 466 अंक प्राप्त कर पूरे जिले में प्रथम स्थान हासिल किया है. उनकी इस उपलब्धि से परिवार और विद्यालय में हर्ष का माहौल है. संगम के पिता उमाकांत सिंह और माता संगीता देवी ने बेटी की सफलता पर गर्व जताया.



दूसरे स्थान पर 465 अंक के साथ तीन विद्यार्थियों ने संयुक्त रूप से जगह बनाई है. इनमें एमपी हाई स्कूल बक्सर की प्रज्ञा कुमारी (पिता राजू कुमार मिश्रा, माता ममता देवी), एमपी हाई स्कूल बक्सर की मान्यता वर्मा (पिता विजय कुमार, माता शिला देवी) तथा उच्च विद्यालय मुंगाव के आयुष कुमार (पिता हेमंत कुमार, माता रिंकू देवी) शामिल हैं.

इसी क्रम में उच्च विद्यालय इटाढ़ी के विशाल कुमार ने 464 अंक प्राप्त कर जिले में तीसरा स्थान हासिल किया. उनके पिता लालबाबू पाल एवं माता मीरा देवी हैं.

एमपी उच्च विद्यालय की छात्रा प्रज्ञा कुमारी ने कुल 465 अंक (93%) प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है. प्रज्ञा के पिता प्राइवेट नौकरी करते हैं, जबकि उनकी माता गृहिणी हैं. साधारण पारिवारिक पृष्ठभूमि के बावजूद उन्होंने मेहनत और अनुशासन के बल पर यह सफलता हासिल की. प्रज्ञा ने दसवीं की परीक्षा फाउंडेशन स्कूल, बक्सर से उत्तीर्ण की थी और आगे भी उच्च शिक्षा प्राप्त कर अपने सपनों को साकार करना चाहती हैं.

वहीं, सदर प्रखंड के रामोबरिया की रहने वाली खुशबू कुमारी ने 88% अंक प्राप्त कर क्षेत्र का मान बढ़ाया है. खुशबू, संजय कुमार सिंह और सरिता देवी की पुत्री हैं और एमपी उच्च विद्यालय की छात्रा हैं.

दोनों बेटियों सहित जिले के सभी सफल छात्र-छात्राओं की इस उपलब्धि से यह साबित होता है कि मेहनत, लगन और सही मार्गदर्शन से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है. इस सफलता से जहां शिक्षकों में गर्व की भावना है, वहीं अभिभावकों में भी खुशी का माहौल है.












Post a Comment

0 Comments