पूर्व सांसद प्रभुनाथ सिंह के भतीजे सुधीर सिंह बक्सर में गिरफ्तार ..

सुरक्षा में तैनात जवानों ने एक गाड़ी को रुकने का इशारा किया. गाड़ी रुकने के बाद उसमें सवार युवक ने पुलिसकर्मियों से तीखी बहस शुरू कर दी और कथित तौर पर धौंस दिखाने की कोशिश की.







                                 


  • वाहन जांच के दौरान पुलिस से उलझे युवक को औद्योगिक थाना पुलिस ने किया गिरफ्तार
  • मेडिकल जांच में शराब पीने की पुष्टि, मद्य निषेध अधिनियम के तहत कार्रवाई

बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : जिले के औद्योगिक थाना क्षेत्र अंतर्गत वीर कुंवर सिंह सेतु पर शनिवार की शाम वाहन जांच के दौरान पुलिस ने महाराजगंज के पूर्व बाहुबली सांसद प्रभुनाथ सिंह के भतीजे सुधीर सिंह को नशे की हालत में गिरफ्तार कर लिया. पुलिस के अनुसार मेडिकल जांच में शराब पीने की पुष्टि होने के बाद बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है.

बताया जा रहा है कि शनिवार की शाम उत्तर प्रदेश की ओर से बक्सर में प्रवेश करने वाले वाहनों की नियमित जांच की जा रही थी. इसी दौरान सुरक्षा में तैनात जवानों ने एक गाड़ी को रुकने का इशारा किया. गाड़ी रुकने के बाद उसमें सवार युवक ने पुलिसकर्मियों से तीखी बहस शुरू कर दी और कथित तौर पर धौंस दिखाने की कोशिश की. स्थिति बिगड़ते देख मौके पर मौजूद जवानों ने इसकी सूचना अपने वरीय अधिकारियों को दी.

वरीय अधिकारियों के निर्देश के बाद युवक को औद्योगिक थाना लाया गया, जहां उसका मेडिकल परीक्षण कराया गया. जांच में शराब पीने की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया. औद्योगिक थाना प्रभारी ने भी बताया कि तलाशी के दौरान किसी प्रकार का हथियार बरामद नहीं हुआ है.

इस मामले में सदर एसडीपीओ गौरव पांडेय ने फोन पर गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि संबंधित व्यक्ति को नशे की हालत में पकड़ा गया है और नियमों के अनुसार उनके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है.

गिरफ्तार सुधीर सिंह एक राजनीतिक परिवार से संबंध रखते हैं. उनके पिता दीनानाथ सिंह पूर्व विधायक थे, जिनका पिछले वर्ष जुलाई में निधन हो गया था. वहीं उनके चाचा प्रभुनाथ सिंह महाराजगंज से सांसद रह चुके हैं, जबकि उनके चचेरे भाई रणधीर सिंह वर्तमान में सारण जिले के मांझी विधानसभा क्षेत्र से जदयू के विधायक हैं.











Post a Comment

0 Comments