होली की रात दरवाजे पर सो रहे युवक की गला दबाकर हत्या ..

उसे बेहतर इलाज के लिए बक्सर रेफर कर दिया गया. लेकिन सदर अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया. होली के दिन हुई इस वारदात ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है.







                                       


- हेठुआ गांव में रंगों का पर्व बदला मातम में, मां को बंधक बनाकर की गई वारदात
- छह माह पुरानी रंजिश में हत्या की आशंका, पुलिस ने शुरू की जांच

बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : राजपुर थाना क्षेत्र के हेठुआ गांव में होली की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं, जब दरवाजे पर सो रहे 20 वर्षीय युवक की गला दबाकर हत्या कर दी गई. बुधवार की देर रात हुई इस सनसनीखेज घटना से पूरे गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल है. मृतक की पहचान मंटू मौर्य, पिता भागीरथी सिंह के रूप में हुई है.

मिली जानकारी के अनुसार बुधवार की शाम गांव में होली का उत्साह चरम पर था. इसी दौरान गांव के कुछ मनबढ़ युवकों ने मंटू मौर्य के साथ मारपीट की. ग्रामीणों के हस्तक्षेप से मामला किसी तरह शांत हुआ. लेकिन देर रात जब परिवार के सभी सदस्य सो गए, तब आरोपित युवक दोबारा उसके घर पहुंच गए. दरवाजे पर सो रहे मंटू के साथ बेरहमी से मारपीट शुरु कर दी गई.

शोर सुनकर बगल के कमरे में सो रही उसकी मां प्रमिला देवी बाहर निकलीं और विरोध किया. आरोप है कि युवकों ने उनके साथ भी मारपीट की और उन्हें बंधक बना लिया. इसके बाद मंटू को पीट-पीटकर अचेत कर दिया गया तथा गला दबा दिया. आसपास के लोगों की आहट मिलते ही सभी आरोपी मौके से फरार हो गए.

रोती-बिलखती मां बेटे को लेकर गांव के एक निजी चिकित्सक के पास पहुंचीं, जहां से उसे बेहतर इलाज के लिए बक्सर रेफर कर दिया गया. लेकिन सदर अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया. होली के दिन हुई इस वारदात ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है.

मृतक की मां प्रमिला देवी ने पुलिस को दिए बयान में गांव के ही सुरेंद्र खरवार समेत कई लोगों पर जबरन घर में घुसकर मारपीट और गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगाया है. ग्रामीणों ने बताया कि लगभग छह माह पूर्व मंटू की बकरी चोरी हुई थी, जिसकी प्राथमिकी राजपुर थाने में दर्ज कराई गई थी. जांच के बाद पुलिस ने आरोपियों पर जुर्माना भी लगाया था. इसी रंजिश में लगातार उसे जान से मारने की धमकी दी जा रही थी.

घटना की सूचना पर पहुंचे पूर्व बसपा नेता सह कुशवाहा महासंघ के जिलाध्यक्ष अभिमन्यु कुशवाहा ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की.

मामले में राजपुर थानाध्यक्ष निवास कुमार ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है. नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है. पुलिस हर पहलू से मामले की जांच में जुटी है.









Post a Comment

0 Comments