डाउन लाइन बाधित होने के कारण पटना से मुंबई जा रही सुविधा एक्सप्रेस को डुमरांव स्टेशन के पास इमरजेंसी ब्रेक लगाकर रोकना पड़ा. जब तक ट्रैक से शव हटाया नहीं गया, तब तक ट्रेन वहीं खड़ी रही.
![]() |
| दुर्घटना के बाद मौके पर मौजूद लोग |
- डुमरांव स्टेशन के पास ट्रैक पार करते समय हुआ दर्दनाक हादसा
- करीब 14 मिनट तक बाधित रहा रेल परिचालन, जीआरपी शिनाख्त में जुटी
बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : दानापुर-डीडीयू रेलखंड पर डुमरांव रेलवे स्टेशन के पूर्वी गुमटी के पास शनिवार को एक महिला ट्रेन की चपेट में आ गई. हादसा होते ही लोको पायलट ने सूझबूझ दिखाते हुए इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन को रोक दिया, लेकिन तब तक महिला की मौके पर ही मौत हो चुकी थी. ट्रैक पर शव पड़े होने के कारण डाउन लाइन पर रेल परिचालन करीब 14 मिनट तक बाधित रहा.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार शनिवार दोपहर लगभग 40 वर्षीय एक महिला, जिसने पीले रंग की साड़ी पहन रखी थी, पोल संख्या 644/14 और 644/16 के बीच डाउन मेन लाइन को पार करने का प्रयास कर रही थी. इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रेन की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से घायल हो गई और घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई. हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर जुट गए.
घटना का असर रेल परिचालन पर भी पड़ा. डाउन लाइन बाधित होने के कारण पटना से मुंबई जा रही सुविधा एक्सप्रेस को डुमरांव स्टेशन के पास इमरजेंसी ब्रेक लगाकर रोकना पड़ा. जब तक ट्रैक से शव हटाया नहीं गया, तब तक ट्रेन वहीं खड़ी रही. इसके कारण रेल यात्रियों को लगभग 14 मिनट तक इंतजार करना पड़ा.
सूचना मिलते ही जीआरपी प्रभारी थानाध्यक्ष विकास कुमार पुलिस बल और रेलकर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे. उन्होंने त्वरित कार्रवाई करते हुए शव को ट्रैक से हटवाया, जिसके बाद रेल परिचालन सामान्य हो सका. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
फिलहाल मृतका की पहचान नहीं हो सकी है. जीआरपी आसपास के गांवों में पूछताछ कर रही है तथा सोशल मीडिया के माध्यम से भी शिनाख्त का प्रयास किया जा रहा है. पुलिस का कहना है कि महिला की पहचान होने के बाद ही घटना के पीछे के कारणों का स्पष्ट रूप से पता चल सकेगा.




.png)


.png)










0 Comments