हॉस्टल से लापता दो स्कूली बच्चे बक्सर स्टेशन से बरामद, आरपीएफ की सतर्कता से टली बड़ी अनहोनी ..

होली की छुट्टी बिताकर दोनों मंगलवार को अपने घर से वापस हॉस्टल लौटे थे. मंगलवार रात भोजन करने के बाद दोनों अन्य बच्चों के साथ सोने चले गए, लेकिन उसी रात वे हॉस्टल से चुपचाप निकल गए.






                                 



  • प्लेटफॉर्म पर संदिग्ध हालत में घूमते देख आरपीएफ जवान ने दौड़कर पकड़ा
  • देर रात 12:46 बजे बरामदगी के बाद तुरंत पुलिस व परिजनों को दी गई सूचना

बक्सर टॉप न्यूज, बक्सर : जिले के डुमरांव नगर के एक हॉस्टल से लापता हुए दो स्कूली बच्चों को आरपीएफ की सतर्कता से सकुशल बरामद कर लिया गया. दोनों बच्चों को शुक्रवार देर रात बक्सर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या तीन से बरामद किया गया. बच्चों के मिलने की सूचना मिलते ही परिजनों की आंखों से खुशी के आंसू छलक पड़े, वहीं डुमरांव पुलिस और हॉस्टल प्रबंधन ने भी राहत की सांस ली.

जानकारी के अनुसार चक्की निवासी एक व्यक्ति के 11 वर्षीय पुत्र ***** कुमार और औद्योगिक थाना क्षेत्र के एक व्यक्ति के पुत्र *** कुमार डुमरांव थाना क्षेत्र के हरिजी हाता स्थित एक हॉस्टल में रहकर पढ़ाई करते थे. होली की छुट्टी बिताकर दोनों मंगलवार को अपने घर से वापस हॉस्टल लौटे थे. मंगलवार रात भोजन करने के बाद दोनों अन्य बच्चों के साथ सोने चले गए, लेकिन उसी रात वे हॉस्टल से चुपचाप निकल गए.

बुधवार सुबह जब दोनों बच्चे हॉस्टल में नहीं मिले तो हड़कंप मच गया. पहले परिजनों से संपर्क किया गया, लेकिन बच्चों के वहां भी नहीं पहुंचने पर डुमरांव थाने को सूचना दी गई. सूचना मिलते ही पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी. सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए और तकनीकी जांच भी शुरू की गई. साथ ही आरपीएफ और जीआरपी को भी बच्चों की तलाश के लिए सूचना भेजी गई.

शुक्रवार देर रात करीब 12:46 बजे ड्यूटी पर तैनात आरपीएफ हेड कॉन्स्टेबल धनंजय कुमार सिंह प्लेटफॉर्म चेकिंग कर रहे थे. इसी दौरान उन्होंने प्लेटफॉर्म संख्या तीन पर दो बच्चों को संदिग्ध स्थिति में घूमते देखा. पूछताछ शुरू होते ही दोनों बच्चे भागने लगे, लेकिन आरपीएफ जवान ने दौड़कर उन्हें पकड़ लिया.

बच्चों की तस्वीर और विवरण पहले से रेलवे के प्रशासनिक ग्रुप में साझा किए गए थे. उसी आधार पर दोनों की पहचान हुई और तुरंत आरपीएफ इंस्पेक्टर बक्सर, रेल थानाध्यक्ष तथा डुमरांव पुलिस को सूचना दी गई. इसके बाद प्रभारी एसडीपीओ डुमरांव, डुमरांव थानाध्यक्ष संजय कुमार सिन्हा, बच्चों के परिजनों और स्कूल प्रबंधन को भी जानकारी दी गई.

डुमरांव थानाध्यक्ष संजय कुमार सिन्हा ने बताया कि दोनों बच्चों को बयान दर्ज कराने के लिए शनिवार को न्यायालय भेजा गया है. न्यायालय के निर्देश के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी. वहीं इस पूरी घटना में आरपीएफ की सक्रियता, विशेषकर धनंजय कुमार सिंह की सतर्कता की काफी सराहना हो रही है.











Post a Comment

0 Comments