लू के कहर के बीच प्रशासन सख्त, बक्सर में स्कूल टाइम बदला ..

पूर्व में जारी आदेश के तहत दोपहर 12 बजे के बाद शैक्षणिक गतिविधियों पर रोक लगाई गई थी, लेकिन अब स्थिति को गंभीर देखते हुए जिला दण्डाधिकारी साहिला ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 163 के तहत आदेश को और सख्त कर दिया है.

 





                               


  • कक्षा 1 से 8 तक 11:30 बजे के बाद पढ़ाई पर रोक
  • 27 अप्रैल से 5 मई तक आदेश लागू, सभी स्कूलों और कोचिंग संस्थानों पर असर

बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : जिले में लगातार बढ़ते तापमान और लू के प्रकोप को देखते हुए प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है. बच्चों के स्वास्थ्य पर खतरे को देखते हुए अब कक्षा 1 से 8 तक के सभी स्कूलों में दोपहर बाद पढ़ाई पर रोक लगा दी गई है. यह आदेश 27 अप्रैल से लागू होकर 5 मई तक प्रभावी रहेगा.

जिला जन संपर्क कार्यालय द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, इन दिनों बक्सर में दोपहर के समय भीषण गर्मी और लू का असर लगातार बढ़ रहा है. मौसम विभाग ने भी आने वाले दिनों में तापमान और बढ़ने की संभावना जताई है. ऐसे में छोटे बच्चों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है.

पूर्व में जारी आदेश के तहत दोपहर 12 बजे के बाद शैक्षणिक गतिविधियों पर रोक लगाई गई थी, लेकिन अब स्थिति को गंभीर देखते हुए जिला दण्डाधिकारी साहिला ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 163 के तहत आदेश को और सख्त कर दिया है. नए निर्देश के अनुसार अब कक्षा 1 से 8 तक की सभी कक्षाओं में 11:30 बजे के बाद पढ़ाई पूरी तरह बंद रहेगी.

यह आदेश जिले के सभी निजी और सरकारी विद्यालयों पर लागू होगा. इसमें प्री-स्कूल, आंगनबाड़ी केंद्र और कोचिंग संस्थान भी शामिल हैं. प्रशासन ने सभी विद्यालय प्रबंधन को निर्देश दिया है कि वे इस आदेश के अनुसार अपने शैक्षणिक समय में बदलाव करें और बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करें.

भीषण गर्मी के बीच प्रशासन का यह कदम अभिभावकों के लिए राहत भरा माना जा रहा है, वहीं स्कूलों को भी समयानुसार व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं.














Post a Comment

0 Comments