खान सर और बक्सर के पूर्व सैनिकों की बैठक : समाज सेवा के लिए मिलकर काम करने का फैसला ..

बैठक में समाज के हित में मिलकर काम करने का निर्णय लिया गया. इस बैठक में शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण और शहीद परिवारों के सम्मान को लेकर कई महत्वपूर्ण योजनाएं बनाई गईं.






                               


  • पटना में हुई चर्चा में शिक्षा, स्वास्थ्य और सम्मान पर बनी ठोस योजना
  • शहीद परिवारों और पूर्व सैनिकों के बच्चों को मिलेगा विशेष लाभ

बक्सर टॉप न्यूज, बक्सर राजधानी पटना में खान ग्लोबल स्टडीज के फाउंडर खान सर और बिहार राज्य पूर्व सैनिक संघ के बीच हुई बैठक में समाज के हित में मिलकर काम करने का निर्णय लिया गया. इस बैठक में शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण और शहीद परिवारों के सम्मान को लेकर कई महत्वपूर्ण योजनाएं बनाई गईं.

बैठक में जिला अध्यक्ष सह प्रदेश उपाध्यक्ष रामनाथ सिंह के नेतृत्व में पूर्व सैनिकों का प्रतिनिधिमंडल शामिल हुआ. करीब डेढ़ घंटे तक चली इस बातचीत में सभी मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई. खान सर ने पूर्व सैनिकों के अनुशासन और समाज सेवा की भावना की सराहना की. वहीं बी वॉरियर के अध्यक्ष रंजन कुमार राय के 24 घंटे सेवा कार्यों को देखते हुए उन्हें ‘सेवा का असली योद्धा’ बताया.

इस दौरान चार मुख्य फैसले लिए गए. पहला, शहीदों की पत्नियों यानी वीर नारियों को सम्मान और समाज में मजबूत पहचान दिलाने का प्रयास किया जाएगा. दूसरा, पूर्व सैनिकों और उनके बच्चों को खान ग्लोबल स्टडीज के माध्यम से बेहतर और सस्ती शिक्षा उपलब्ध कराई जाएगी. तीसरा, स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए हर जिले में ब्लड बैंक खोलने की दिशा में काम होगा. चौथा, पर्यावरण बचाने के लिए पूरे बिहार में बड़े स्तर पर पेड़ लगाए जाएंगे.

बैठक के अंत में पूर्व सैनिक संघ की ओर से खान सर को सम्मानित किया गया. इस मौके पर रामनाथ सिंह, मिथलेश सिंह, जितेंद्र प्रसाद सिंह, हरिशंकर सिंह, सूबेदार राजेंद्र प्रसाद, रंजन कुमार राय, गोलू जी, एन के सिंह, आर एन उपाध्याय, अश्विनी कुमार, नीतीश कुमार सिंह और आर एन सिंह मौजूद रहे.

रामनाथ सिंह ने कहा कि अब यह पहल एक अभियान बनेगी, जिससे समाज को सीधा फायदा मिलेगा.













Post a Comment

0 Comments