स्टेशन पर भीड़ लगातार बढ़ रही है, लेकिन उसके अनुरूप सुविधाओं का विस्तार नहीं किया गया है. प्लेटफॉर्म पर बैठने की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने से महिलाएं, बुजुर्ग और छोटे बच्चे सबसे अधिक प्रभावित होते हैं. कई बार यात्रियों को फर्श पर बैठकर या खड़े होकर ही ट्रेन का इंतजार करना पड़ता है
- राजस्व प्राप्ति में बेहतर प्रदर्शन के बावजूद बनी है स्थिति
- नहीं मिल रही एसी वेटिंग हॉल रिटायरिंग रूम और डॉरमेट्री जैसी सुविधाएं
बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : रेलवे स्टेशन अच्छी आय के बावजूद बुनियादी सुविधाओं की कमी से जूझ रहा है. भीषण गर्मी और बढ़ती भीड़ के बीच यात्रियों को बिना एसी वेटिंग हॉल और लाउंज के इंतजार करना पड़ रहा है, जिससे नाराजगी लगातार बढ़ती जा रही है.
जिले का प्रमुख रेलवे स्टेशन आय के मामले में बेहतर स्थिति में होने के बावजूद यात्रियों को जरूरी सुविधाएं उपलब्ध नहीं करा पा रहा है. स्टेशन पर एसी वेटिंग हॉल और आधुनिक यात्री लाउंज की व्यवस्था नहीं होने से यात्रियों को प्लेटफॉर्म पर ही समय बिताने के लिए मजबूर होना पड़ता है. खासकर गर्मी के मौसम में यह स्थिति और भी गंभीर हो जाती है, जब तेज धूप और उमस के बीच यात्रियों को घंटों इंतजार करना पड़ता है.
यात्रियों का कहना है कि स्टेशन पर भीड़ लगातार बढ़ रही है, लेकिन उसके अनुरूप सुविधाओं का विस्तार नहीं किया गया है. प्लेटफॉर्म पर बैठने की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने से महिलाएं, बुजुर्ग और छोटे बच्चे सबसे अधिक प्रभावित होते हैं. कई बार यात्रियों को फर्श पर बैठकर या खड़े होकर ही ट्रेन का इंतजार करना पड़ता है, जो रेलवे की व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है.
स्थानीय लोगों ने अलग-अलग समस्याओं को लेकर अपनी बातें रखी हैं. समाजसेवी दौलत चन्द गुप्ता ने कहा कि स्टेशन की आय के अनुरूप यहां एसी वेटिंग हॉल और लाउंज जैसी सुविधाएं तत्काल विकसित की जानी चाहिए.
सामाजिक कार्यकर्ता डॉ श्रवण कुमार तिवारी ने बताया कि यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए प्लेटफॉर्म पर बैठने और ठहरने की बेहतर व्यवस्था की जरूरत है, ताकि खासकर बुजुर्गों और महिलाओं को राहत मिल सके.
महिला नेत्री कंचन देवी ने बताया कि बक्सर धार्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थल है, इसलिए यहां आने वाले श्रद्धालुओं के लिए डॉरमेट्री और रिटायरिंग रूम की व्यवस्था होनी चाहिए.
व्यवसायी रेल यात्री संघर्ष समिति के अध्यक्ष डॉ मनोज कुमार यादव ने कहा कि वर्तमान स्थिति में यात्रियों को बुनियादी सुविधाओं के लिए भी संघर्ष करना पड़ रहा है, जो रेलवे की कार्यशैली पर सवाल खड़ा करता है.
दानापुर मंडल रेल परामर्शदात्री समिति के पूर्व सदस्य सौरभ कुमार तिवारी ने कहा कि बक्सर जैसे महत्वपूर्ण स्टेशन पर सुविधाओं का अभाव चिंताजनक है और इसके लिए रेल प्रशासन को शीघ्र ठोस कदम उठाने चाहिए.
पाइपलाइन में है रेलवे स्टेशन पुनर्विकास की योजना
पूर्व मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सरस्वती चन्द्र ने बताया कि बक्सर रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास के लिए तकरीबन 150 करोड़ रुपये की योजना प्रस्तावित है, हालांकि इस पर ड्राइंग आदि बनाने का कार्य जारी है.






.png)














0 Comments