सिमरी सीएचसी में ‘दीदी की रसोई’ शुरु कराने की मांग तेज, भाजपा नेता ने सिविल सर्जन को लिखा पत्र ..

खासकर प्रसव के लिए आने वाली महिलाओं के साथ उनके परिजनों को कई घंटों तक अस्पताल में रहना पड़ता है, लेकिन भोजन की कोई समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण उन्हें इधर-उधर भटकना पड़ता है.





                               


  • प्रसव कराने आने वाली महिलाओं के परिजनों को भोजन के लिए भटकना पड़ रहा
  • एक सप्ताह में व्यवस्था शुरु करने का आग्रह, डीएम को भी भेजी गई प्रतिलिपि

बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : जिले के सिमरी सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में ‘दीदी की रसोई’ शुरू कराने की मांग अब जोर पकड़ने लगी है. इस संबंध में वरिष्ठ भाजपा नेता विजय कुमार मिश्र ने सिविल सर्जन को पत्र लिखकर जल्द व्यवस्था बहाल करने की अपील की है. उन्होंने कहा कि अस्पताल में आने वाले मरीजों और उनके परिजनों को भोजन की सुविधा नहीं मिलने से काफी परेशानी हो रही है.

पत्र में विजय कुमार मिश्र ने उल्लेख किया है कि सिमरी प्रखंड की करीब तीन लाख की आबादी के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र ही एकमात्र प्रमुख स्वास्थ्य सुविधा केन्द्र है. खासकर प्रसव के लिए आने वाली महिलाओं के साथ उनके परिजनों को कई घंटों तक अस्पताल में रहना पड़ता है, लेकिन भोजन की कोई समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण उन्हें इधर-उधर भटकना पड़ता है.

उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति में ‘जीविका दीदी की रसोई’ शुरू होने से न सिर्फ मरीजों के परिजनों को सस्ती और सुलभ भोजन सुविधा मिलेगी, बल्कि स्थानीय स्तर पर जीविका समूह की महिलाओं को भी रोजगार का अवसर प्राप्त होगा.

भाजपा नेता ने सिविल सर्जन से आग्रह किया है कि इस व्यवस्था को प्राथमिकता के आधार पर एक सप्ताह के भीतर लागू कराने के लिए प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी, सिमरी को आवश्यक निर्देश दिए जाएं. साथ ही की गई कार्रवाई की सूचना उन्हें भी उपलब्ध कराई जाए.

इस मामले की गंभीरता को देखते हुए पत्र की प्रतिलिपि जिला पदाधिकारी को भी भेजी गई है, ताकि आवश्यक स्तर पर शीघ्र निर्णय लिया जा सके.












Post a Comment

0 Comments