श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा का पाठ कर सुख-समृद्धि और संकटों से मुक्ति की कामना की. हरिकीर्तन में प्रस्तुत भजनों ने लोगों को भावविभोर कर दिया, जहां कई श्रद्धालु भक्ति में लीन होकर झूमते नजर आए.
![]() |
| कार्यक्रम में शामिल लोग |
- हरिकीर्तन, पूजन और भंडारे से गुंजायमान रहा पूरा परिसर
- रेल कर्मियों व सामाजिक लोगों की सहभागिता, एकता का दिखा सुंदर उदाहरण
बक्सर टॉप न्यूज, बक्सर : हनुमान जन्मोत्सव के अवसर पर स्थानीय रेलवे स्टेशन स्थित माल गोदाम परिसर में भक्ति और श्रद्धा का भव्य आयोजन देखने को मिला, जहां हरिकीर्तन, विधिवत पूजा-अर्चना और भंडारे के माध्यम से बजरंगबली का जन्मोत्सव उत्साहपूर्वक मनाया गया. कार्यक्रम में रेल कर्मियों, श्रमिकों और समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों की भागीदारी ने पूरे माहौल को भक्तिमय बना दिया.
गुड्स सुपरवाइजर नितेश दत्त सिंह तथा ट्रांसपोर्टर राजू ओझा के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम की तैयारियां पहले से ही शुरू कर दी गई थीं. सुबह होते ही श्रद्धालुओं का जुटान शुरू हो गया और देखते ही देखते पूरा परिसर भक्ति रंग में रंग गया. माल गोदाम परिसर को सजाया गया था और हरिकीर्तन के साथ बजरंगबली के जयकारों से वातावरण गूंज उठा.
पूजन कार्यक्रम के दौरान विधिवत मंत्रोच्चारण के साथ भगवान हनुमान की आराधना की गई. श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा का पाठ कर सुख-समृद्धि और संकटों से मुक्ति की कामना की. हरिकीर्तन में प्रस्तुत भजनों ने लोगों को भावविभोर कर दिया, जहां कई श्रद्धालु भक्ति में लीन होकर झूमते नजर आए.
कार्यक्रम के समापन पर भव्य भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया. इस दौरान रेल कर्मचारियों के साथ-साथ कई सामाजिक हस्तियों की उपस्थिति ने आयोजन को और भी विशेष बना दिया.
माल गोदाम सुपरवाइजर नितेश दत्त सिंह ने बताया कि हर वर्ष यह आयोजन पूरी श्रद्धा और उत्साह के साथ किया जाता है और इसमें सभी का सहयोग मिलता है. वहीं, राजू ओझा ने कहा कि बजरंगबली की भक्ति से हर संकट का समाधान संभव है और सच्चे मन से की गई आराधना कभी व्यर्थ नहीं जाती.
पूरे आयोजन के दौरान भक्ति, सहयोग और सामाजिक एकता का सुंदर समन्वय देखने को मिला, जिसने लोगों के बीच आपसी भाईचारे का संदेश भी दिया.
इस मौके पर बुकिंग सुपरवाइजर अरुण चौबे, आरपीएफ प्रभारी निरीक्षक कुंदन कुमार, सामाजिक कार्यकर्ता अश्विनी कुमार राय, ललन प्रसाद केसरी, मेठ छांगुर, विनोद, रमेश, श्रीभगवान, राधे श्याम, नथुनी, सोनू, अंशु अभिषेक, राजन राय समेत कई लोग मौजूद रहे.






.png)











0 Comments