आरपीएफ टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ट्रेनों में चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाले दो शातिर अपराधियों को अलग-अलग मामलों में गिरफ्तार किया है. दोनों के पास से चोरी के मोबाइल फोन और नकदी बरामद की गई है.
- ट्रेनों के जनरल कोच में चोरी कर रहे अपराधियों की गिरफ्तारी
- मोबाइल, नकदी समेत कई सामान बरामद, पूछताछ जारी
बक्सर टॉप न्यूज, बक्सर : यात्री सुरक्षा अभियान के तहत स्थानीय रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ट्रेनों में चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाले दो शातिर अपराधियों को अलग-अलग मामलों में गिरफ्तार किया है. दोनों के पास से चोरी के मोबाइल फोन और नकदी बरामद की गई है.
कार्रवाई शनिवार को की गई, जब आरपीएफ बक्सर की टीम ने स्टेशन परिसर से एक संदिग्ध को पकड़कर पूछताछ की. जांच में उसने अपना नाम साधु डोम (उम्र 32 वर्ष), पिता लाल मोहर डोम, निवासी ढकैच, थाना कृष्णब्रह्म, जिला बक्सर बताया. पूछताछ के दौरान उसने स्वीकार किया कि उसने ट्रेन संख्या 15125 से एक यात्री का मोबाइल फोन और नकदी चोरी की थी. तलाशी में उसके पास से एक एंड्रॉइड मोबाइल और 730 रुपये बरामद किए गए.
इसके पूर्व 8 अप्रैल 2026 को आरपीएफ टास्क टीम द्वारा की गई कार्रवाई में ट्रेन संख्या 12142 के जनरल कोच में चोरी कर भागने की कोशिश कर रहे एक अपराधी को टीम ने घेरकर पकड़ लिया. गिरफ्तार आरोपी की पहचान किशोर (उम्र 31 वर्ष), पिता परमपत, निवासी रेवतीपुर, थाना सुवहल, जिला गाजीपुर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई. तलाशी में उसके पास से एक एंड्रॉइड फोन, दो कीपैड मोबाइल, 6400 रुपये नकद और एक आधार कार्ड बरामद किया गया.
आरपीएफ प्रभारी निरीक्षक कुंदन कुमार के अनुसार, दोनों अपराधी ट्रेनों के जनरल कोच में भीड़ का फायदा उठाकर यात्रियों का सामान चोरी करते थे. गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है और उनके अन्य साथियों की तलाश की जा रही है.
आरपीएफ ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा के दौरान अपने सामान की सुरक्षा को लेकर सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत रेलवे सुरक्षा बल को दें, ताकि ऐसी घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके.






.png)












0 Comments