वीरता पदक विजेता को अंतिम सलामी, भावुक माहौल में हुआ अंतिम संस्कार ..

कमांडर इंस्पेक्टर ओमप्रकाश कुमार ने पुष्प चक्र अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी. वहीं कमांडेंट अश्विनी कुमार झा ने शोक संतप्त परिवार से मुलाकात कर हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया और संवेदना प्रकट की.

 





                               


  • सीआरपीएफ के सेवानिवृत्त उप निरीक्षक को RAF ने दी सम्मान गार्ड सलामी
  • सैकड़ों लोगों की मौजूदगी में नम आंखों से दी गई भावभीनी विदाई

बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर: इटाढ़ी प्रखंड के सरस्ती गांव निवासी एवं केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के वीरता पदक विजेता सेवानिवृत्त उप निरीक्षक परशुराम का शुक्रवार को आकस्मिक निधन हो गया. उनके निधन से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई और एक बहादुर, अनुशासित तथा सरल स्वभाव के व्यक्तित्व को हमेशा के लिए खो दिया गया.

75 वर्षीय परशुराम ने अपने सेवा काल में देश की रक्षा में अहम भूमिका निभाई थी. उनकी बहादुरी और कर्तव्यनिष्ठा के लिए उन्हें वीरता पदक से सम्मानित किया गया था. यही कारण रहा कि उनके निधन की खबर मिलते ही क्षेत्र में शोक के साथ-साथ गर्व की भावना भी देखने को मिली.

उनके सम्मान में 114 रैपिड एक्शन फोर्स (RAF), कोईलवर, आरा की ओर से सम्मान गार्ड सलामी दी गई. इस दौरान कमांडर इंस्पेक्टर ओमप्रकाश कुमार ने पुष्प चक्र अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी. वहीं कमांडेंट अश्विनी कुमार झा ने शोक संतप्त परिवार से मुलाकात कर हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया और संवेदना प्रकट की.

अंतिम संस्कार के दौरान सैकड़ों की संख्या में लोग उपस्थित रहे. “वीरता पदक विजेता परशुराम अमर रहें” के नारों के बीच उन्हें नम आंखों से अंतिम विदाई दी गई. गांव और आसपास के क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने उनके व्यक्तित्व और सेवा को याद करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की.

स्वर्गीय परशुराम अपने पीछे एक गौरवशाली विरासत छोड़ गए हैं. उनके दो पुत्र भी अपने पिता के पदचिह्नों पर चलते हुए सीआरपीएफ में सेवा दे रहे हैं और वर्तमान में असम तथा मणिपुर में तैनात हैं. परिवार के साथ-साथ पूरे क्षेत्र को उन पर गर्व है, जिन्होंने अपना जीवन देश सेवा को समर्पित कर दिया.













Post a Comment

0 Comments