दिनदहाड़े 10 लाख की लूट से दहला इलाका, पिस्टल के बल पर बकरी व्यवसायी को बनाया निशाना ..

दिनदहाड़े अपराधियों ने फिल्मी अंदाज में बकरी व्यवसायी राजा कुरैशी को हथियार के बल पर निशाना बनाते हुए करीब 10 लाख रुपये लूट लिए. घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया, जबकि व्यापारियों में दहशत और नाराजगी का माहौल है.

 





                               


  • समोसा दुकान पर बैठे व्यवसायी से बदमाशों ने छीना रुपयों से भरा बैग
  • बिना नंबर की बाइक पर पहुंचे नकाबपोश अपराधी, पुलिस जांच में जुटी

बक्सर टॉप न्यूज, बक्सर : जिले में अपराधियों का दुस्साहस लगातार बढ़ता नजर आ रहा है. शनिवार की दोपहर नया भोजपुर थाना क्षेत्र में हुई एक सनसनीखेज लूट की वारदात ने पुलिस व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए. दिनदहाड़े अपराधियों ने फिल्मी अंदाज में बकरी व्यवसायी राजा कुरैशी को हथियार के बल पर निशाना बनाते हुए करीब 10 लाख रुपये लूट लिए. घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया, जबकि व्यापारियों में दहशत और नाराजगी का माहौल है.

जानकारी के अनुसार डुमरांव निवासी राजा कुरैशी बकरी खरीदने के सिलसिले में राजपुर जाने वाले थे. इसी दौरान वह सड़क किनारे स्थित एक समोसा दुकान पर बैठे हुए थे. तभी काले और लाल रंग की बिना नंबर प्लेट वाली पल्सर बाइक पर सवार तीन युवक वहां पहुंचे. देखते ही देखते एक बदमाश ने व्यवसायी की कनपटी पर पिस्टल सटा दी, जबकि दूसरे अपराधी ने रुपयों से भरा बैग और मोबाइल छीन लिया. पूरी वारदात कुछ ही सेकंड में अंजाम दी गई और अपराधी आरा की दिशा में फरार हो गए.

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक तीनों बदमाशों ने अपने चेहरे गमछे से ढक रखे थे, जिससे उनकी पहचान नहीं हो सकी. वारदात इतनी तेजी से हुई कि आसपास मौजूद लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले अपराधी मौके से गायब हो चुके थे.

घटना की सूचना मिलते ही नया भोजपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि अपराधियों की पहचान की जा सके. हालांकि इस घटना ने एक बार फिर जिले में बढ़ते अपराध और पुलिस गश्ती व्यवस्था की पोल खोल दी है. व्यापारियों ने अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग करते हुए सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की बात कही है.















Post a Comment

0 Comments