कहा कि सकारात्मक सोच और निरंतर अभ्यास ने उन्हें लक्ष्य तक पहुँचने में मदद की. आयुष ने अपने माता-पिता और विद्यालय के प्रेरणादायी वातावरण को भी सफलता का महत्वपूर्ण आधार बताया.
- डीएवी स्कूल के छात्र ने NCHM JEE 2026 में लहराया परचम, विद्यालय में खुशी की लहर
- पेंटिंग में 100 प्रतिशत अंक पाने वाले आयुष अब हॉस्पिटैलिटी सेक्टर में बनाएंगे नया मुकाम
बक्सर टॉप न्यूज, बक्सर : जिले के लिए गर्व की खबर सामने आई है. डी ए वी पब्लिक स्कूल, बक्सर के मेधावी छात्र आयुष वाहिनीपति ने नेशनल काउंसिल फॉर होटल मैनेजमेंट संयुक्त प्रवेश परीक्षा (NCHM JEE) 2026 में ऑल इंडिया स्तर पर 276वाँ रैंक प्राप्त कर जिले का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है. आयुष की इस शानदार सफलता से विद्यालय परिसर में खुशी और उत्साह का माहौल है. शिक्षकों, विद्यार्थियों और अभिभावकों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दी हैं.
बताया जाता है कि NCHM JEE देश की प्रतिष्ठित राष्ट्रीय परीक्षाओं में शामिल है, जिसके माध्यम से देश के प्रमुख होटल मैनेजमेंट संस्थानों में बीएससी हॉस्पिटैलिटी एवं होटल एडमिनिस्ट्रेशन पाठ्यक्रम में प्रवेश दिया जाता है. हर वर्ष हजारों छात्र इस परीक्षा में शामिल होते हैं, ऐसे में ऑल इंडिया स्तर पर 276वाँ स्थान प्राप्त करना बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है.
आयुष ने अपनी सफलता का श्रेय कठिन मेहनत, नियमित अध्ययन, अनुशासन और शिक्षकों के मार्गदर्शन को दिया है. उन्होंने कहा कि सकारात्मक सोच और निरंतर अभ्यास ने उन्हें लक्ष्य तक पहुँचने में मदद की. आयुष ने अपने माता-पिता और विद्यालय के प्रेरणादायी वातावरण को भी सफलता का महत्वपूर्ण आधार बताया.
विद्यालय के प्राचार्य सह प्रक्षेत्र पदाधिकारी वाहिनीपति आनंद कुमार ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि आयुष की उपलब्धि पूरे बक्सर जिले के लिए गौरव का विषय है. उन्होंने कहा कि विद्यालय में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए बेहतर वातावरण उपलब्ध कराया जाता है, जिसका परिणाम लगातार राष्ट्रीय स्तर की सफलताओं के रूप में सामने आ रहा है. उन्होंने विद्यार्थियों से लक्ष्य के प्रति समर्पण और आत्मविश्वास बनाए रखने की अपील की.
विद्यालय के शिक्षकों ने बताया कि आयुष शुरू से ही अनुशासित, जिज्ञासु और प्रतिभाशाली छात्र रहे हैं. पढ़ाई के साथ-साथ वे सह-पाठयक्रम गतिविधियों में भी सक्रिय भागीदारी निभाते रहे हैं. विशेष बात यह है कि सीबीएसई 12वीं सत्र 2025-26 की परीक्षा में आयुष ने पेंटिंग विषय में 100 प्रतिशत अंक प्राप्त कर ऑल इंडिया मेरिट सर्टिफिकेट के लिए भी अपना स्थान लगभग सुनिश्चित कर लिया है.
विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि इसी वर्ष विद्यालय की छात्रा त्रिपर्णा जाना ने जेईई मेंस में 99.3 पर्सेंटाइल हासिल कर जेईई एडवांस में जगह बनाई है. विद्यालय के छात्र लगातार शिक्षा, खेल और सांस्कृतिक गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले का नाम राष्ट्रीय स्तर पर स्थापित कर रहे हैं. आयुष वाहिनीपति की यह सफलता विद्यालय के गौरवशाली इतिहास में एक और स्वर्णिम अध्याय के रूप में जुड़ गई है.






.png)












0 Comments