वर्ष 2014 से हर रविवार श्रमदान के रूप में संचालित किया जा रहा है. इस पहल में स्थानीय युवाओं और समाजसेवियों, जनप्रतिनिधियों तथा अधिकारियों की सक्रिय भागीदारी रही है और अब यह एक जनआंदोलन का रूप ले चुका है.
- 2014 से हर रविवार चल रहा श्रमदान अभियान
- युवाओं की पहल, “माँ गंगा साफ हो” का संदेश
बक्सर टॉप न्यूज़, बुक्सा : नगर के रामरेखा घाट पर 03 मई 2026 को गंगा स्वच्छता को लेकर विशेष महाअभियान आयोजित किया जाएगा. यह अभियान लगातार चल रहे साप्ताहिक कार्यक्रम का 600वाँ रविवार होगा, जो वर्ष 2014 से हर रविवार श्रमदान के रूप में संचालित किया जा रहा है. इस पहल में स्थानीय युवाओं और समाजसेवियों, जनप्रतिनिधियों तथा अधिकारियों की सक्रिय भागीदारी रही है और अब यह एक जनआंदोलन का रूप ले चुका है.
आयोजन के तहत प्रातः 7 बजे से 10 बजे तक गंगा किनारे व्यापक सफाई अभियान चलाया जाएगा. इसमें शामिल लोग गंगा तट से कचरा हटाकर स्वच्छता का संदेश देंगे. आयोजकों ने आमजन से अपील की है कि वे इस पुनीत कार्य में भाग लेकर माँ गंगा को स्वच्छ एवं निर्मल बनाने में अपना योगदान दें. “हर रविवार, युवा पुकार, माँ गंगा किनार” के नारे के साथ लोग एक-एक अंजुली कचरा निकालकर स्वच्छता का संकल्प लेंगे.
टीम छात्रशक्ति द्वारा आयोजित इस अभियान के संयोजक सौरभ तिवारी ने बताया कि गंगा की स्वच्छता केवल सरकार की नहीं, बल्कि हर नागरिक की जिम्मेदारी है. उन्होंने कहा कि 600वें रविवार को विशेष रूप से अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि यह संदेश व्यापक स्तर तक पहुंचे.
इस अभियान को गंगा विचार मंच तथा राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन, जलशक्ति मंत्रालय का मार्गदर्शन प्राप्त है. आयोजकों का मानना है कि जनसहभागिता से ही गंगा को स्वच्छ और अविरल बनाया जा सकता है, इसलिए सभी लोगों से इस महाअभियान में शामिल होने की अपील की गई है.






.png)











0 Comments