कार्यक्रम समाप्त होने के बाद जब नर्तकी वापस लौटने की तैयारी कर रही थी, तभी गांव के कुछ युवकों ने उसे जबरन उठा लिया. पीड़िता के अनुसार, आरोपी उसे गांव से बाहर बधार में ले गए, जहां उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया.






                               



  • कार्यक्रम के बाद लौटने के दौरान युवकों ने बनाया शिकार
  • एक संदिग्ध हिरासत में, पुलिस जांच तेज

बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : जिले के राजपुर थाना क्षेत्र में एक शादी समारोह के दौरान आई 22 वर्षीय नर्तकी के साथ सामूहिक दुष्कर्म की घटना सामने आई है. घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है. पुलिस ने पीड़िता को अस्पताल में भर्ती कराया है और मामले की जांच शुरू कर दी है.

मिली जानकारी के अनुसार, राजपुर थाना क्षेत्र के रामपुर गांव निवासी शिवपूजन राजभर के घर शुक्रवार की रात बारात आई थी. शादी समारोह में मनोरंजन के लिए भोजपुर क्षेत्र से एक नर्तकी को बुलाया गया था. देर रात तक कार्यक्रम चलता रहा.

आरोप है कि कार्यक्रम समाप्त होने के बाद जब नर्तकी वापस लौटने की तैयारी कर रही थी, तभी गांव के कुछ युवकों ने उसे जबरन उठा लिया. पीड़िता के अनुसार, आरोपी उसे गांव से बाहर बधार में ले गए, जहां उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया. घटना के बाद आरोपी उसे अचेत अवस्था में छोड़कर फरार हो गए.

शनिवार सुबह शौच के लिए निकले ग्रामीणों की नजर युवती पर पड़ी, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़िता को इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा गया. होश में आने के बाद पीड़िता ने पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी और गांव के कुछ युवकों पर आरोप लगाया.

राजपुर थानाध्यक्ष निवास कुमार ने बताया कि पीड़िता का मेडिकल जांच कराया जा रहा है. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक संदिग्ध को हिरासत में लिया है, जिससे पूछताछ जारी है. उन्होंने कहा कि मामले में शामिल सभी आरोपियों की पहचान कर जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा.