वीर कुंवर सिंह गंगा चेक पोस्ट पर तैनात टीम ने दिन के उजाले में एक बड़ी कार्रवाई करते हुए, भारी मात्रा में विदेशी शराब से लदी एक महिंद्रा पिकअप को जब्त कर लिया है.
- शराबबंदी कानून का उल्लंघन करने वालों की अब खैर नहीं
- सोफे और टेबल की आड़ में थी 'मेक इन चंडीगढ़' की खेप
बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : बिहार में पूर्ण शराबबंदी को ठेंगा दिखाने की शराब तस्करों की एक और शातिराना तरकीब फेल हो गई है. इस बार तस्करों ने शराब छिपाने के लिए 'फर्नीचर' का सहारा लिया था, लेकिन बक्सर की मुस्तैद उत्पाद विभाग की टीम के आगे उनकी एक न चली. एक्साइज इंस्पेक्टर कुंदन कुमार के नेतृत्व में वीर कुंवर सिंह गंगा चेक पोस्ट पर तैनात टीम ने दिन के उजाले में एक बड़ी कार्रवाई करते हुए, भारी मात्रा में विदेशी शराब से लदी एक महिंद्रा पिकअप को जब्त कर लिया है.
रोजाना की तरह दोपहर करीब 3:00 बजे चेक पोस्ट पर गाड़ियों की नियमित जांच चल रही थी. इसी बीच एक महिंद्रा पिकअप को रोका गया. ऊपर से देखने पर लग रहा था कि गाड़ी में सामान्य घरेलू फर्नीचर ले जाया जा रहा है, लेकिन जब उत्पाद विभाग के जवानों ने बारीकी से तलाशी ली, तो उनके होश उड़ गए. फर्नीचर की आड़ में तहखाना बनाकर शराब की पेटियां छुपाई गई थीं.
बरामदगी का ब्योरा:
उत्पाद अधीक्षक अशरफ जमाल ने बताया कि वाहन से अलग-अलग ब्रांड की कुल 668.100 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई है. बरामद बोतलों पर 'मेक इन चंडीगढ़' लिखा हुआ है. बाजार में इस खेप की अनुमानित कीमत करीब साढ़े आठ लाख रुपये बताई जा रही है.
हरियाणा का 'प्रदीप' निकला ड्राइवर, अंबाला से दरभंगा की थी प्लानिंग
पुलिस ने गाड़ी के चालक को मौके पर ही धर दबोचा. गिरफ्तार तस्कर की पहचान हरियाणा के महेंद्रगढ़ जिले के उषमापुर गांव (स्थानीय थाना) निवासी किरोड़ीमल के 35 वर्षीय पुत्र प्रदीप कुमार के रूप में हुई है. कड़ाई से पूछताछ करने पर प्रदीप ने कबूला कि वह शराब की यह बड़ी खेप अंबाला से लोड कर दरभंगा ले जा रहा था, लेकिन दरभंगा पहुंचने से पहले ही बक्सर में वह सलाखों के पीछे पहुंच गया.
बक्सर उत्पाद विभाग की 'हैट्रिक', तस्करों की टूटी कमर
बक्सर उत्पाद विभाग इस महीने तस्करों के लिए काल साबित हो रहा है. मई के महीने में विभाग ने बैक-टू-बैक तीन बड़ी कार्रवाइयां कर तस्करों के सिंडिकेट को हिलाकर रख दिया है:
| तारीख | कार्रवाई की धमक (बरामदगी की कीमत) |
| 5 मई | 22 लाख रुपये की अवैध शराब जब्त |
| 12 मई | 45 लाख रुपये की महाखेप पर कब्जा |
| आज | 8.5 लाख रुपये की शराब के साथ हरियाणा का तस्कर गिरफ्तार |
उत्पाद विभाग की इस ताबड़तोड़ और 'नो टॉलरेंस' वाली कार्रवाई से सीमा पार के शराब माफियाओं में हड़कंप मच गया है. अधिकारियों का साफ कहना है कि तस्कर चाहे जितने भी नए पैंतरे अपना लें, बक्सर की सीमा पार करना उनके लिए नामुमकिन होगा.






.png)











0 Comments