बक्सर में भाजपा का प्रशिक्षण महाअभियान शुरू, संगठन से लेकर बूथ प्रबंधन तक दिए गए मंत्र ..

सात अलग-अलग सत्रों के माध्यम से कार्यकर्ताओं को संगठन, विचारधारा और कार्यशैली से जुड़े विभिन्न विषयों पर प्रशिक्षण दिया गया. कार्यक्रम में पार्टी नेताओं ने कार्यकर्ताओं को संगठन की मजबूती के साथ-साथ आगामी रणनीतियों का भी पाठ पढ़ाया.





                               


  • बगीचा लॉन में पहले दिन सात सत्रों का आयोजन, नेताओं ने कार्यकर्ताओं को दी वैचारिक और संगठनात्मक सीख
  • गरीब कल्याण योजनाओं, मीडिया प्रबंधन और कार्यशैली पर भी हुआ मंथन

बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : भारतीय जनता पार्टी के पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान 2026 के दूसरे चरण के तहत शनिवार को बक्सर के बगीचा लॉन में जिला स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम की शुरुआत हुई. पहले दिन सात अलग-अलग सत्रों के माध्यम से कार्यकर्ताओं को संगठन, विचारधारा और कार्यशैली से जुड़े विभिन्न विषयों पर प्रशिक्षण दिया गया. कार्यक्रम में पार्टी नेताओं ने कार्यकर्ताओं को संगठन की मजबूती के साथ-साथ आगामी रणनीतियों का भी पाठ पढ़ाया.

कार्यक्रम की शुरुआत पंडित दीनदयाल उपाध्याय और श्यामा प्रसाद मुखर्जी के तैल चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर की गई. इसके बाद बिहार सरकार के मंत्री प्रमोद कुमार चंद्रवंशी, विधान पार्षद निवेदिता सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष मनोज सिंह तथा भाजपा जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश भुवन ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर प्रशिक्षण अभियान का उद्घाटन किया.

पहले सत्र में मंत्री प्रमोद कुमार चंद्रवंशी ने संगठन और सरकार के बीच समन्वय तथा जिम्मेदारियों के विस्तार पर अपने विचार रखे. दूसरे सत्र में प्रदेश महामंत्री सह बिहार राज्य क्रियान्वयन समिति के उपाध्यक्ष राजेश वर्मा ने एकात्म मानववाद, सांस्कृतिक राष्ट्रवाद और पंच निष्ठा जैसे विषयों पर कार्यकर्ताओं को संबोधित किया.

तीसरे सत्र में प्रदेश उपाध्यक्ष शम्भू सिद्धार्थ ने कार्य पद्धति पर चर्चा करते हुए संगठन की मजबूती के लिए कार्यकर्ताओं को कई सुझाव दिए. वहीं चौथे सत्र में किसान आयोग सदस्य कामेश्वर सिंह ने "हमारा इतिहास, हमारा विकास" विषय पर अपने विचार साझा किए.

प्रशिक्षण महाअभियान की प्रमुख निवेदिता सिंह ने पांचवें सत्र में सरकार की गरीब कल्याण योजनाओं और उनके क्रियान्वयन में संगठन की भूमिका पर विस्तार से चर्चा की. अंतिम दो सत्रों में बूथ प्रबंधन, मीडिया से जुड़ी व्यावहारिक जानकारी, सामाजिक विषयों के अध्ययन और कार्यकर्ताओं के उत्साहवर्धन पर विशेष चर्चा की गई.

कार्यक्रम में जिले के पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, विभिन्न मोर्चों के अध्यक्ष, पूर्व जिलाध्यक्ष, वरिष्ठ नेता और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे.













Post a Comment

0 Comments