CM सम्राट चौधरी के बक्सर दौरे से पहले पटना में ‘पॉलिटिकल मीटिंग’, मुन्ना तिवारी ने सौंपा विकास का ब्लूप्रिंट ..

बैठक को लेकर राजनीतिक गलियारों में अलग-अलग मायने निकाले जा रहे हैं. माना जा रहा है कि मुख्यमंत्री के बक्सर दौरे से पहले हुई यह मुलाकात केवल शिष्टाचार तक सीमित नहीं थी, बल्कि आने वाले समय में जिले के विकास की दिशा तय करने वाली चर्चा भी इसमें शामिल रही.


 





                               


  • मुख्यमंत्री आवास में हुई अहम मुलाकात के बाद तेज हुई चर्चाएं
  • लंबित परियोजनाओं, आधारभूत संरचना और जनसमस्याओं को लेकर पूर्व विधायक ने रखा पक्ष

बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के पहले आधिकारिक बक्सर दौरे से ठीक पहले जिले का सियासी पारा अचानक हाई हो गया है. प्रशासन जहां मुख्यमंत्री के आगमन की तैयारियों में जुटा है, वहीं पटना में हुई एक अहम राजनीतिक मुलाकात ने बक्सर की राजनीति में नई चर्चाओं को जन्म दे दिया है. बक्सर के पूर्व विधायक संजय कुमार तिवारी उर्फ मुन्ना तिवारी ने मुख्यमंत्री आवास पहुंचकर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मुलाकात की और जिले के विकास से जुड़े कई अहम मुद्दों को उनके सामने रखा.

जानकारी के मुताबिक, यह मुलाकात दोपहर करीब 12:30 बजे मुख्यमंत्री आवास पर हुई. बैठक को लेकर राजनीतिक गलियारों में अलग-अलग मायने निकाले जा रहे हैं. माना जा रहा है कि मुख्यमंत्री के बक्सर दौरे से पहले हुई यह मुलाकात केवल शिष्टाचार तक सीमित नहीं थी, बल्कि आने वाले समय में जिले के विकास की दिशा तय करने वाली चर्चा भी इसमें शामिल रही.

पूर्व विधायक मुन्ना तिवारी ने मुख्यमंत्री के सामने बक्सर की आधारभूत संरचना को मजबूत करने, क्षेत्र में वर्षों से लंबित विकास योजनाओं को गति देने और आम जनता से जुड़ी मूलभूत समस्याओं के समाधान की मांग रखी. उन्होंने सड़क, शहरी विकास, जनसुविधाओं और अन्य महत्वपूर्ण परियोजनाओं को प्राथमिकता देने का आग्रह किया.

सूत्रों की मानें तो मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भी बक्सर के विकास को लेकर सकारात्मक रुख दिखाया और क्षेत्र के समग्र विकास का भरोसा दिलाया. इसके बाद से जिले में यह चर्चा तेज हो गई है कि मुख्यमंत्री अपने दौरे के दौरान बक्सर को कई बड़ी सौगात दे सकते हैं.

राजनीतिक विश्लेषकों का कहना है कि मुख्यमंत्री बनने के बाद सम्राट चौधरी का यह पहला बक्सर दौरा कई मायनों में अहम माना जा रहा है. ऐसे में दौरे से पहले पूर्व विधायक की सक्रियता और मुख्यमंत्री से मुलाकात को राजनीतिक रणनीति के साथ-साथ विकास की नई संभावनाओं से भी जोड़कर देखा जा रहा है.

अब जिले की जनता की निगाहें मुख्यमंत्री के दौरे पर टिकी हैं. लोगों को उम्मीद है कि पटना में हुई इस मुलाकात का असर बक्सर की धरती पर दिखाई देगा और जिले को विकास की नई दिशा देने वाली घोषणाएं सामने आएंगी.














Post a Comment

0 Comments