विदेशी नंबर से प्रधान जिला जज के नाम पर फर्जी व्हाट्सएप अकाउंट, साइबर सेल अलर्ट ..

किसी अज्ञात साइबर अपराधी ने न्यायिक पद की पहचान का दुरुपयोग करते हुए यह फर्जी अकाउंट तैयार किया. इसके बाद अलग-अलग लोगों को व्हाट्सएप संदेश भेजे गए, जिससे लोगों में भ्रम की स्थिति उत्पन्न हो गई.

 


 





                               

  • थाईलैंड नंबर से बना जज फर्जी व्हाट्सएप अकाउंट, न्यायिक महकमे में मचा हड़कंप
  • प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश के नाम और फोटो का किया गया इस्तेमाल 

बक्सर टॉप न्यूज बक्सर :जिले में साइबर अपराध का एक गंभीर मामला सामने आया है, जिसमें थाईलैंड के कंट्री कोड +66 वाले मोबाइल नंबर +66 840021540 से एक फर्जी व्हाट्सएप अकाउंट बनाया गया और उसे प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश काजल झांब के नाम व फोटो से जोड़ा गया. इस फर्जी अकाउंट के जरिए जिले के कई अधिवक्ताओं और न्यायालय कर्मियों को पैसे मांगने के संदिग्ध व अनचाहे संदेश भेजे जाने की जानकारी सामने आई है. उनसे 50 हजार रूपये अविलंब भेजने की बात कही गई है.

मामले के सामने आते ही न्यायालय परिसर और विधिक समुदाय में हड़कंप मच गया. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार किसी अज्ञात साइबर अपराधी ने न्यायिक पद की पहचान का दुरुपयोग करते हुए यह फर्जी अकाउंट तैयार किया. इसके बाद अलग-अलग लोगों को व्हाट्सएप संदेश भेजे गए, जिससे लोगों में भ्रम की स्थिति उत्पन्न हो गई.

अज्ञात साइबर अपराधियों के खिलाफ दर्ज हुई शिकायत

इस मामले में अज्ञात साइबर अपराधियों के खिलाफ बक्सर में औपचारिक शिकायत दर्ज कराई गई है. पुलिस ने सनहा दर्ज करते हुए साइबर सेल को जांच की जिम्मेदारी सौंपी है. जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि फर्जी अकाउंट किस स्थान से संचालित किया जा रहा था और इसके पीछे का उद्देश्य क्या था.

साइबर डीएसपी बोले - फोटो का हुआ दुरुपयोग

साइबर डीएसपी अविनाश कुमार ने बताया कि प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश की तस्वीर का इस्तेमाल कर फर्जी व्हाट्सएप अकाउंट बनाए जाने का मामला सामने आया है. हालांकि अब तक इस अकाउंट से संदेश भेजे जाने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. पुलिस तकनीकी पहलुओं की गहराई से जांच कर रही है और जल्द ही मामले का खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है.














Post a Comment

0 Comments