'स्वच्छता वीरों' की बड़ी जीत, समझौते के बाद काम पर लौटे सफाई कर्मी ..

अनिश्चितकालीन हड़ताल पर गए सफाई कर्मियों ने प्रशासन से ठोस आश्वासन मिलने के बाद बुधवार से काम पर लौटने का फैसला कर लिया. इस समझौते के बाद शहरवासियों ने भी राहत की सांस ली है.


 





                               


  • तीन दिन की हड़ताल खत्म, शहर को गंदगी से मिलेगी राहत
  • वेतन में देरी पर एजेंसी से कटेगा 10% जुर्माना, 166 टन कचरा हटाने की तैयारी

बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर. नगर परिषद के सफाई कर्मियों और प्रशासन के बीच पिछले तीन दिनों से चल रहा टकराव आखिरकार समाप्त हो गया. अपनी विभिन्न मांगों को लेकर 11 मई से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर गए सफाई कर्मियों ने प्रशासन से ठोस आश्वासन मिलने के बाद बुधवार से काम पर लौटने का फैसला कर लिया. इस समझौते के बाद शहरवासियों ने भी राहत की सांस ली है.

सफाई कर्मियों की हड़ताल का असर पूरे शहर में साफ दिखाई देने लगा था. महज दो-तीन दिनों में ही नगर की सड़कों और बाजारों में कचरे का अंबार लग गया. नगर परिषद के अनुसार करीब 166 टन कचरा विभिन्न इलाकों में जमा हो गया था.

ठठेरी बाजार, सब्जी मंडी और अन्य व्यस्त बाजारों में हालात इतने खराब हो गए थे कि दुकानदारों और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था. भीषण गर्मी में सड़ते कचरे से दुर्गंध फैलने लगी थी और संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया था.

वार्ता के बाद निकला समाधान

गतिरोध समाप्त कराने में नगर परिषद अध्यक्ष प्रतिनिधि नियामतुल्लाह फरीदी की भूमिका अहम रही. उन्होंने सफाई कर्मियों के नेता संजय शर्मा, नगर परिषद प्रशासन और एजेंसी प्रतिनिधियों के साथ कई दौर की बातचीत की. लंबी वार्ता के बाद दोनों पक्षों के बीच सहमति बनी और कर्मियों ने हड़ताल समाप्त करने की घोषणा कर दी.

अब वेतन में देरी हुई तो लगेगा जुर्माना

समझौते के तहत एजेंसी को स्पष्ट निर्देश दिया गया है कि प्रत्येक महीने की 7 से 10 तारीख के बीच सभी सफाई कर्मियों का वेतन भुगतान हर हाल में किया जाए. यदि एजेंसी तय समयसीमा के भीतर भुगतान नहीं करती है तो नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी एजेंसी के भुगतान से 10 प्रतिशत राशि काटेंगे.

इस फैसले को सफाई कर्मियों की बड़ी जीत माना जा रहा है, क्योंकि लंबे समय से मजदूर समय पर वेतन नहीं मिलने की शिकायत कर रहे थे.

इन मांगों पर बनी सहमति

वार्ता के दौरान सफाई कर्मियों की कई महत्वपूर्ण मांगों को स्वीकार किया गया. प्रशासन ने अप्रैल महीने से तय 528 रुपये प्रतिदिन मजदूरी लागू करने पर सहमति जताई. साथ ही बकाया ईपीएफ भुगतान और सभी कर्मियों को ईएसआई कार्ड उपलब्ध कराने का भरोसा दिया गया.

इसके अलावा ई-रिक्शा चालकों सहित सभी कर्मियों के लिए ‘समान काम-समान वेतन’ की नीति लागू करने पर भी सहमति बनी.

शहर में फिर लौटेगी सफाई व्यवस्था

हड़ताल खत्म होने के बाद नगर परिषद ने मुख्य सड़कों, बाजारों और भीड़भाड़ वाले इलाकों से कचरा हटाने का अभियान शुरू कर दिया है. प्रशासन का दावा है कि अगले कुछ दिनों में पूरे शहर की सफाई व्यवस्था सामान्य हो जाएगी.

‘मिनी काशी’ के नाम से प्रसिद्ध बक्सर नगर में अब फिर से स्वच्छता लौटने की उम्मीद जगी है.














Post a Comment

0 Comments