आरोप है कि महिला के बड़े बेटे चंद्रभूषण कुमार, मंझले बेटे रविशंकर और एक रिश्तेदार ने मिलकर चाकू से हमला कर और गला रेतकर उनकी हत्या कर दी. वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए.
- नालंदा की सनसनीखेज वारदात में बक्सर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, मुख्य आरोपी पकड़ा गया
- संपत्ति विवाद में मां की निर्मम हत्या, दो भाई और रिश्तेदार पर गंभीर आरोप
बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : नालंदा में अपनी ही मां की हत्या कर फरार हुए एक आरोपी बेटे को बक्सर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. नया भोजपुर थाना पुलिस ने एनएच-922 पर बड़का ढकाईच गांव के पास घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया. अचानक हुई इस गिरफ्तारी से पूरे इलाके में चर्चा का माहौल है.
यह दिल दहला देने वाली घटना नालंदा जिले के चंडी थाना क्षेत्र अंतर्गत नरसंडा बाजार की है. जानकारी के अनुसार 55 वर्षीय जिलवी देवी बुधवार रात अपने छोटे नाती के साथ घर में सो रही थीं. इसी दौरान घर के भीतर ही खूनखराबा हो गया. आरोप है कि महिला के बड़े बेटे चंद्रभूषण कुमार, मंझले बेटे रविशंकर और एक रिश्तेदार ने मिलकर चाकू से हमला कर और गला रेतकर उनकी हत्या कर दी. वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए.
घटना का खुलासा गुरुवार सुबह हुआ जब छोटा बेटा रवि राज घर पहुंचा. कमरे के अंदर मां का खून से सना शव देखकर वह स्तब्ध रह गया. इसके बाद पूरे क्षेत्र में दहशत फैल गई और सूचना मिलते ही नालंदा पुलिस जांच में जुट गई.
जांच के दौरान तकनीकी इनपुट से पुलिस को पता चला कि मुख्य आरोपी रविशंकर बक्सर की तरफ भाग रहा है. इसके बाद नालंदा पुलिस ने बक्सर पुलिस से संपर्क किया. सूचना मिलते ही नया भोजपुर थानाध्यक्ष चंदन कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने एनएच-922 पर नाकेबंदी कर सघन जांच अभियान चलाया.
इसी दौरान बड़का ढकाईच गांव के पास आरोपी को पकड़ लिया गया. गिरफ्तार करने के बाद उसे कृष्णाब्रह्म थाना लाया गया, जहां आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में संपत्ति विवाद को हत्या की मुख्य वजह माना जा रहा है. बताया जा रहा है कि परिवार में जमीन और मकान को लेकर लंबे समय से तनाव चल रहा था, जो इस दर्दनाक वारदात में बदल गया.






.png)











0 Comments