बक्सर में जन सुराज की हुंकार, युवाओं के पलायन और संगठन विस्तार पर बनी रणनीति ..

नेताओं ने कहा कि पार्टी को गांव-गांव तक पहुंचाने के लिए बूथ और पंचायत स्तर पर मजबूत टीम तैयार की जाएगी ताकि आम लोगों की समस्याओं को प्रभावी ढंग से उठाया जा सके.


 





                               


  • कोर कमिटी बैठक में पंचायत से प्रखंड स्तर तक संगठन मजबूत करने पर जोर
  • जिला अध्यक्ष बजरंगी मिश्रा बोले- बिहारियों के मान-सम्मान और रोजगार की लड़ाई जारी रहेगी

बक्सर टॉप न्यूज, बक्सर : जन सुराज पार्टी के जिला कार्यालय में आयोजित कोर कमिटी बैठक में संगठन विस्तार, युवाओं के पलायन, रोजगार और बिहारियों के सम्मान के मुद्दे पर जोरदार मंथन हुआ. बैठक में पार्टी नेताओं ने पंचायत और प्रखंड स्तर तक संगठन को मजबूत और सक्रिय बनाने का संकल्प लिया. साथ ही जमीनी स्तर पर समर्पित कार्यकर्ताओं को जोड़कर जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को लेकर संघर्ष तेज करने की बात कही गई.

बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष बजरंगी मिश्रा ने की, जबकि संचालन जिला महामंत्री रघुबर सिंह ने किया. बैठक के दौरान संगठन की पिछली गतिविधियों, कमियों और अनुभवों की समीक्षा करते हुए भविष्य की रणनीति तैयार की गई. नेताओं ने कहा कि पार्टी को गांव-गांव तक पहुंचाने के लिए बूथ और पंचायत स्तर पर मजबूत टीम तैयार की जाएगी ताकि आम लोगों की समस्याओं को प्रभावी ढंग से उठाया जा सके.

जिला अध्यक्ष बजरंगी मिश्रा ने कहा कि जन सुराज पार्टी बिहारियों के मान-सम्मान, आत्मसम्मान और युवाओं के भविष्य की लड़ाई लड़ रही है. उन्होंने कहा कि आज भी बड़ी संख्या में बिहार के युवा रोजगार की तलाश में दूसरे राज्यों की ओर पलायन करने को मजबूर हैं, लेकिन जन सुराज इस स्थिति को बदलने के लिए संघर्षरत है. उन्होंने कहा कि जब तक बिहार के युवाओं को अपने राज्य में सम्मानजनक रोजगार और बेहतर भविष्य नहीं मिलेगा, तब तक यह आंदोलन पूरी मजबूती के साथ जारी रहेगा.

बैठक में मौजूद नेताओं ने एक स्वर में कहा कि जन सुराज केवल राजनीतिक संगठन नहीं बल्कि बिहार के अधिकार, सम्मान और विकास की आवाज बनकर उभर रहा है. पार्टी कार्यकर्ताओं से आम जनता के बीच जाकर उनकी समस्याओं को सुनने और समाधान के लिए संघर्ष करने का आह्वान किया गया.

बैठक में पूर्व विधायक एवं राज्य सलाहकार समिति सदस्य श्रीकांत पाठक, कोषाध्यक्ष विजय कुमार पाठक, जिला मुख्य प्रवक्ता शुंभ नाथ यादव, जिला मुख्य महिला प्रवक्ता रीना शर्मा, युवा अध्यक्ष अजित सम्राट, लोकसभा प्रभारी दिवाकर पाठक, ओबीसी प्रकोष्ठ अध्यक्ष जयशंकर सिंह, बुद्धिजीवी विचार मंच के अध्यक्ष डॉ. विष्णु देव तिवारी तथा राज्य सलाहकार समिति सदस्य हसन खान सहित कई प्रमुख नेता उपस्थित रहे.

बैठक के अंत में नेताओं और कार्यकर्ताओं ने “बिहारी झुकेगा नहीं, अपने अधिकार और सम्मान के लिए संघर्ष करेगा” के नारे के साथ संगठन को और मजबूत बनाने का संकल्प लिया.













Post a Comment

0 Comments