कुछ ही देर में एजेंसी में रखी करीब 40 से अधिक नई बाइक धू-धू कर जलने लगीं. आग की भयावह तस्वीर देख मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई और पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
- कुछ ही मिनटों में आग ने लिया विकराल रूप, इलाके में मची अफरा-तफरी
- दमकल और ग्रामीणों की मशक्कत के बाद पाया गया काबू, लाखों के नुकसान की आशंका
बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : जिले के नावानगर थाना क्षेत्र के एक गांव स्थित हीरो एजेंसी में शनिवार को अचानक लगी भीषण आग से इलाके में हड़कंप मच गया. बताया जा रहा है कि एजेंसी में शॉर्ट सर्किट होने के बाद आग भड़क उठी और देखते ही देखते उसने विकराल रूप धारण कर लिया. आग की चपेट में एजेंसी परिसर में खड़ी हीरो कंपनी की दर्जनों नई बाइक आ गईं. तेज लपटों और धुएं के कारण आसपास मौजूद लोग काफी देर तक अंदर जाने की हिम्मत नहीं जुटा सके.
जानकारी के अनुसार डुमरांव-बिक्रमगंज पथ पर स्थित माखन भोग फेस्टिवल काउंटर के पास मौजूद हीरो एजेंसी में अचानक शॉर्ट सर्किट हुआ, जिसके बाद आग तेजी से फैलने लगी. कुछ ही देर में एजेंसी में रखी करीब 40 से अधिक नई बाइक धू-धू कर जलने लगीं. आग की भयावह तस्वीर देख मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई और पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
घटना के बाद ग्रामीणों ने साहस दिखाते हुए अपने स्तर से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया. काफी मशक्कत के बाद आग पर आंशिक रूप से काबू पाया गया. इसी बीच मामले की सूचना स्थानीय थानाध्यक्ष प्रफुल्ल कुमार को दी गई. सूचना मिलते ही वे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया. इसके बाद तत्काल फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई.
कुछ देर बाद सोनवर्षा से दमकल की छोटी गाड़ी और डुमरांव से बड़ी दमकल गाड़ी मौके पर पहुंची. दमकल कर्मियों और ग्रामीणों के संयुक्त प्रयास से काफी देर बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया जा सका. हालांकि तब तक कई बाइक पूरी तरह जलकर राख हो चुकी थीं.
इस अगलगी की घटना में लाखों रुपये की संपत्ति के नुकसान की आशंका जताई जा रही है. पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और आग लगने के वास्तविक कारणों की पड़ताल की जा रही है.






.png)











0 Comments