वीडियो : कक्षा में मसाज कराते शिक्षक का वीडियो वायरल, शिक्षा विभाग ने मांगा स्पष्टीकरण ..

कक्षा के अंदर एक शिक्षक का मसाज कराते हुए वीडियो सामने आया है जो अब इंटरनेट मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो सामने आने के बाद शिक्षा विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संज्ञान लिया है और कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी है.

 





                               


  • उच्च विद्यालय चौसा के कॉमर्स के शिक्षक हैं हेमदास चौधरी
  • 24 घंटे के अंदर स्पष्टीकरण देने का निर्देश

बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : जिले के चौसा नगर पंचायत स्थित आदर्श उच्च विद्यालय चौसा में कक्षा के अंदर एक शिक्षक का मसाज कराते हुए वीडियो सामने आया है जो अब इंटरनेट मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो सामने आने के बाद शिक्षा विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संज्ञान लिया है और कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी है.

मामले में मिली जानकारी के अनुसार वायरल वीडियो चौसा नगर पंचायत के आदर्श उच्च विद्यालय के कॉमर्स के शिक्षक हेमदास चौधरी का बताया जा रहा है. आरोप है कि वह विद्यालय में पहुंचे एक व्यक्ति से मसाज कराते नजर आ रहे हैं. यह पूरी सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई, जिसके बाद वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया.

बताया जा रहा है कि जिस व्यक्ति से शिक्षक मसाज करवा रहे थे वह पेंटर है और स्कूल में पेंटिंग का कार्य करने आया था. इसी दौरान शिक्षक की नजर उस पर पड़ी और उन्होंने उससे मसाज करानी शुरू कर दी.

अर्धनग्न अवस्था में बैठे शिक्षक, कराते रहे पीठ और कंधे का मसाज

वीडियो में शिक्षक अर्धनग्न अवस्था में कक्षा के अंदर टेबल पर बैठे हुए दिखाई दे रहे हैं. वह कंधे, गर्दन और पीठ की मसाज कराते नजर आते हैं. इस दौरान बीच-बीच में वह मसाज कर रहे युवक को निर्देश भी देते दिखते हैं और युवक निर्देश के अनुसार मसाज करता है.

अभिभावकों का आरोप, पढ़ाई पर कम ध्यान देते हैं शिक्षक

वीडियो वायरल होने के बाद स्थानीय स्तर पर अभिभावकों में नाराजगी देखी जा रही है. उनका कहना है कि शिक्षक पढ़ाई पर कम और अन्य गतिविधियों पर अधिक ध्यान देते हैं. अभिभावकों का यह भी आरोप है कि विद्यालय में शैक्षणिक माहौल सुधारने के बजाय इस तरह की घटनाएं सामने आ रही हैं.

संतोषजनक स्पष्टीकरण नहीं देने पर होगी कार्रवाई

इस मामले में प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी ऋषिकेश कुमार सिंह ने बताया कि घटना की जानकारी डीपीओ स्थापना सह प्रभारी डीईओ रजनीश कुमार उपाध्याय को दे दी गई है. उन्होंने बताया कि संबंधित शिक्षक से 24 घंटे के अंदर स्पष्टीकरण मांगा गया है. यदि संतोषजनक जवाब नहीं मिलता है तो गुरुवार को उनके विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी.

वीडियो : 















Post a Comment

0 Comments