पांच दिवसीय योग शिविर की हुई शुरुआत, स्वस्थ जीवन के प्रति जागरूक हुए लोग ..

बच्चों को सुबह जल्दी उठने, माता-पिता और गुरुजनों का सम्मान करने, नियमित रूप से पानी पीने और संतुलित आहार लेने की आदत डालने की सलाह दी गई. 

 





                               


  • योग शिविर में दिनचर्या और खान-पान पर विशेष जोर, करीब 100 बच्चों ने लिया हिस्सा
  • योगाचार्य ने कहा—स्वस्थ शरीर से ही संभव है बेहतर शिक्षा और उज्ज्वल भविष्य

बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : नगर में योग और स्वास्थ्य को लेकर सकारात्मक पहल देखने को मिली, जहां गोलंबर चौराहा से लेकर एक निजी स्कूल परिसर तक योग का प्रभाव नजर आया. भारत स्वाभिमान ट्रस्ट और पतंजलि योग समिति के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में बच्चों और आम लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया.

कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 5:30 बजे गोलंबर चौराहा पर योग सत्र से हुई, जिसमें स्थानीय लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया. इसके बाद सुबह 7:00 बजे से 8:00 बजे तक बच्चों के लिए विशेष योग प्रशिक्षण आयोजित किया गया. इस सत्र में करीब 100 बच्चों ने भाग लेकर विभिन्न योगासन और व्यायाम की जानकारी प्राप्त की.

बच्चों को दी गई स्वस्थ दिनचर्या की सीख
पतंजलि योग समिति जिला प्रभारी अरविंद सिंह ने बताया कि योगाचार्य अवध नारायण चौबे ने बच्चों को संबोधित करते हुए स्वस्थ जीवनशैली अपनाने पर जोर दिया. उन्होंने कहा कि बच्चे देश का भविष्य हैं, इसलिए उनका शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रहना आवश्यक है. बच्चों को सुबह जल्दी उठने, माता-पिता और गुरुजनों का सम्मान करने, नियमित रूप से पानी पीने और संतुलित आहार लेने की आदत डालने की सलाह दी गई. साथ ही फास्ट फूड से दूरी बनाकर घरेलू भोजन को प्राथमिकता देने की बात कही गई.

पढ़ाई के बीच व्यायाम और ध्यान जरूरी
शिविर में बच्चों को बताया गया कि पढ़ाई के दौरान थकान होने पर हल्का व्यायाम और सूक्ष्म योग करना चाहिए, जिससे मन एकाग्र होता है. उन्हें आठ प्रकार के प्रणाम और सूक्ष्म व्यायाम के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई, ताकि पढ़ाई के साथ स्वास्थ्य भी बेहतर बना रहे.

पांच दिवसीय शिविर से स्वस्थ समाज का लक्ष्य
आयोजकों के अनुसार “हरिद्वार से हर द्वार, करें योग रहें निरोग” के उद्देश्य के साथ बक्सर में पांच दिवसीय योग शिविर चल रहा है. काली बाबू पार्क में बुजुर्गों और बच्चों के लिए अलग-अलग सत्र आयोजित किए जा रहे हैं, जिनमें रहन-सहन, खान-पान और ध्यान के महत्व पर विशेष रूप से प्रकाश डाला जा रहा है.

शिक्षकों और बच्चों की रही सक्रिय भागीदारी
कार्यक्रम में स्कूल के डायरेक्टर कुंदन सिंह, प्रिंसिपल भारती पाठक, प्रवीण कुमार, चंदन कुमार सहित शिक्षकगण और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे. सभी ने योग को अपने दैनिक जीवन में अपनाने का संकल्प लिया और “करें योग, रहें निरोग” के नारों के साथ शिविर का समापन किया.














Post a Comment

0 Comments