थर्मल पावर प्लांट से 10-10 लाख रुपये मुआवजे की मांग को लेकर सड़क जाम ..

सूचना मिलते ही सीआईएसएफ जवानों के साथ प्लांट प्रबंधन और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे. अधिकारियों ने लोगों को समझाने और जाम हटाने का प्रयास किया, लेकिन प्रदर्शनकारी अपनी मांगों पर अड़े रहे.


 





                               

  • दो बच्चों की मौत के विरोध में ग्रामीणों ने कोयला लोडिंग-अनलोडिंग का काम कराया बंद
  • महादलित बस्ती के लोगों के प्रदर्शन से बढ़ी हलचल, मौके पर पहुंचे अधिकारी

बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : थर्मल पावर प्लांट स्थित कोल डिपो के पास करंट की चपेट में आने से दो बच्चों की हुई मौत के बाद गुरुवार को ग्रामीणों का आक्रोश सड़क पर दिखाई दिया. महादलित बस्ती के लोगों ने पीड़ित परिवारों के लिए थर्मल पावर प्लांट से 10-10 लाख रुपये मुआवजा देने की मांग को लेकर सड़क जाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया. प्रदर्शनकारियों ने कोयला लोडिंग-अनलोडिंग का कार्य भी रुकवा दिया, जिससे प्लांट की गतिविधियां प्रभावित हुईं.

सामाजिक कार्यकर्ता एवं बक्सर वारियर संस्था के संयोजक रंजन राय के नेतृत्व में ग्रामीण बड़ी संख्या में सड़क पर जुटे और घटना के प्रति नाराजगी जताई. लोगों ने कहा कि गरीब परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और उन्हें आर्थिक सहायता के साथ न्याय भी मिलना चाहिए.

विरोध प्रदर्शन की सूचना मिलते ही सीआईएसएफ जवानों के साथ प्लांट प्रबंधन और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे. अधिकारियों ने लोगों को समझाने और जाम हटाने का प्रयास किया, लेकिन प्रदर्शनकारी अपनी मांगों पर अड़े रहे.

गौरतलब है कि मंगलवार को महादलित बस्ती निवासी ढोंढा मुसहर के 10 वर्षीय पुत्र रोहित कुमार और दिमागी मुसहर के 12 वर्षीय पुत्र सुभाष कुमार खेलते हुए कोल डिपो के पास पहुंच गए थे. बताया जाता है कि पुलिया में पानी के बीच पड़े कटे हुए बिजली के तार की चपेट में आने से दोनों बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई थी. इस घटना के बाद से पूरे गांव में शोक का माहौल बना हुआ है.












Post a Comment

0 Comments