रक्तदान महादान: विश्व रक्तदाता दिवस से पहले बक्सर में लगा विशेष शिविर, 15 यूनिट रक्त संग्रह ..

कहा कि रक्तदान केवल जरूरतमंद मरीजों के लिए ही नहीं, बल्कि रक्तदाता के स्वास्थ्य के लिए भी लाभकारी होता है. उन्होंने बताया कि रक्तदान से नई रक्त कोशिकाओं का निर्माण होता है, हृदय रोग और कुछ प्रकार के कैंसर का खतरा कम हो सकता है तथा शरीर में आयरन की मात्रा संतुलित रहती है.

 




                              




  • अलकनंदा हॉस्पिटल, माँ तपेश्वरी देवी ब्लड सेंटर और ब्लड बक्सर के संयुक्त प्रयास से हुआ आयोजन
  • चिकित्सकों ने कहा- एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद को दे सकता है नया जीवन

बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : विश्व रक्तदाता दिवस के पूर्व रक्तदान के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से शुक्रवार को बाजार समिति रोड स्थित अलकनंदा हॉस्पिटल गैस्ट्रो एंड गायनो में माँ तपेश्वरी देवी ब्लड सेंटर एवं ब्लड बक्सर के सहयोग से रक्तदान महादान शिविर का आयोजन किया गया. शिविर में एक महिला रक्तदाता सहित कुल 15 लोगों ने रक्तदान कर मानवता की सेवा का संदेश दिया. कार्यक्रम के दौरान रक्तदान जागरूकता अभियान भी चलाया गया.

शिविर का उद्घाटन अस्पताल के निदेशक डॉ. प्रशांत कुमार चतुर्वेदी एवं डॉ. वेद प्रकाश राय ने स्वयं रक्तदान कर किया. इस अवसर पर अंकुर गोयल, प्रेम राय, शहजाद आलम, ब्लड बक्सर के सुमित मानसिंका, प्रियेश, नसीम नायक और आदिल खान सहित अन्य लोग उपस्थित रहे.

15 रक्तवीरों ने किया रक्तदान

शिविर में रक्तवीरांगना मनीसा के अलावा मो. जावेद, मो. शाहिद, सुनील पाण्ड्य, दीपक कुमार, मो. बिस्मिल्लाह अंसारी, अभिषेक राय, संदीप राय, कैलाश उपाध्याय, सतीश कुमार श्रीवास्तव, शाश्वत यादव, आशुतोष राय एवं धनजी राय सहित कुल 15 रक्तदाताओं ने रक्तदान किया. सभी रक्तदाताओं को स्मृति चिन्ह एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया.

रक्तदान से स्वास्थ्य लाभ भी मिलते हैं: डॉ. प्रशांत

डॉ. प्रशांत कुमार चतुर्वेदी ने कहा कि रक्तदान केवल जरूरतमंद मरीजों के लिए ही नहीं, बल्कि रक्तदाता के स्वास्थ्य के लिए भी लाभकारी होता है. उन्होंने बताया कि रक्तदान से नई रक्त कोशिकाओं का निर्माण होता है, हृदय रोग और कुछ प्रकार के कैंसर का खतरा कम हो सकता है तथा शरीर में आयरन की मात्रा संतुलित रहती है.

उन्होंने बताया कि रक्तदान से पहले और बाद में रक्तचाप, नाड़ी, तापमान, हीमोग्लोबिन सहित विभिन्न आवश्यक जांचें निःशुल्क की जाती हैं. साथ ही एचआईवी, हेपेटाइटिस-बी, हेपेटाइटिस-सी और सिफिलिस जैसी बीमारियों की भी जांच होती है. इससे व्यक्ति को अपने स्वास्थ्य की स्थिति की जानकारी मिलती है.

शुभ अवसरों पर रक्तदान की परंपरा शुरू करने की अपील

डॉ. वेद प्रकाश राय ने कहा कि एक यूनिट रक्त किसी व्यक्ति का जीवन बचा सकती है. बढ़ती रक्त आवश्यकता को देखते हुए समाज में "शुभारंभ – नई सोच, नई परंपरा" की अवधारणा को बढ़ावा देने की जरूरत है. उन्होंने लोगों से जन्मदिन, वर्षगांठ और अन्य शुभ अवसरों पर रक्तदान करने की परंपरा शुरू करने की अपील की.

विश्व रक्तदाता दिवस अभियान से जुड़ा शिविर

ब्लड बक्सर के सुमित मानसिंका ने बताया कि यह जून माह का पहला रक्तदान शिविर था. उन्होंने कहा कि इच्छुक युवा-युवतियां 8804433322 पर संपर्क कर रक्तदान के लिए पंजीकरण करा सकते हैं. उन्होंने बताया कि यह शिविर भारत सरकार के आह्वान पर विश्व रक्तदाता दिवस के पूर्व आयोजित "नेशन वाइड मेगा ब्लड डोनेशन ड्राइव" के समर्थन में लगाया गया, जिसका स्लोगन "वन ड्रॉप ऑफ ह्यूमैनिटी, गिव ब्लड, सेव लाइव्स" है.

कार्यक्रम के अंत में माँ तपेश्वरी देवी ब्लड सेंटर के संतोष चौबे ने अस्पताल प्रबंधन, सभी रक्तदाताओं, ब्लड बक्सर तथा आयोजन में सहयोग करने वाले सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया. उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ जरूरतमंद मरीजों के लिए जीवनदायी साबित होते हैं.










Post a Comment

0 Comments