थाना से 200 मीटर दूर एटीएम पर धावा, गैस कटर से काटकर नकदी ले उड़े बदमाश ..

रविवार तड़के करीब दो बजे अज्ञात अपराधी एटीएम केंद्र पहुंचे. वारदात को अंजाम देने से पहले उन्होंने अंदर और बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों पर स्प्रे कर दिया ताकि उनकी पहचान न हो सके. इसके बाद गैस कटर की मदद से एटीएम मशीन को काटकर उसमें रखी नकदी निकाल ली.




                              


  • सीसीटीवी पर स्प्रे कर मिटाए सबूत, अलार्म बजने तक फरार हो चुके थे अपराधी
  • सात माह में दूसरी बड़ी वारदात, पुलिस की रात्रि गश्ती पर उठे सवाल

बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : मुफस्सिल थाना क्षेत्र के यादव मोड़ स्थित चौसा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) के सामने रविवार की अहले सुबह अपराधियों ने बैंक ऑफ इंडिया के एटीएम को निशाना बनाते हुए बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया. थाना से महज 200 मीटर की दूरी पर हुई इस घटना ने इलाके की सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस की रात्रि गश्ती पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. अपराधी गैस कटर से एटीएम मशीन काटकर कैश बॉक्स में रखी नकदी लेकर फरार हो गए.

जानकारी के अनुसार, रविवार तड़के करीब दो बजे अज्ञात अपराधी एटीएम केंद्र पहुंचे. वारदात को अंजाम देने से पहले उन्होंने अंदर और बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों पर स्प्रे कर दिया ताकि उनकी पहचान न हो सके. इसके बाद गैस कटर की मदद से एटीएम मशीन को काटकर उसमें रखी नकदी निकाल ली. पूरी कार्रवाई बेहद सुनियोजित तरीके से की गई.

बताया जाता है कि रात 2:20 बजे बैंक का सुरक्षा अलार्म सक्रिय हुआ, जिसके बाद पुलिस को सूचना मिली. हालांकि जब तक पुलिस मौके पर पहुंची, तब तक अपराधी फरार हो चुके थे. सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर एटीएम को सील कर दिया और जांच शुरू कर दी.

घटनास्थल से पुलिस को एक चादर बरामद हुई है, जिसे महत्वपूर्ण सुराग माना जा रहा है. मामले की वैज्ञानिक जांच के लिए एफएसएल टीम को भी बुलाया गया है. वहीं बैंक अधिकारियों द्वारा एटीएम से चोरी हुई राशि का आकलन किया जा रहा है.

यह घटना इसलिए भी चर्चा में है क्योंकि चौसा क्षेत्र में सात माह के भीतर एटीएम चोरी की यह दूसरी बड़ी वारदात है. इससे पहले 30 नवंबर 2025 को अखौरीपुर गोला स्थित एसबीआई एटीएम को भी गैस कटर से काटकर करीब 30 लाख रुपये की चोरी की गई थी. उस मामले का अब तक खुलासा नहीं हो सका है. ऐसे में एक बार फिर उसी अंदाज में हुई चोरी ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर दिए हैं.

थानाध्यक्ष शंभू भगत ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी, लेकिन अपराधी पहले ही फरार हो चुके थे. आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं तथा मामले की गहन जांच की जा रही है. पुलिस का दावा है कि जल्द ही अपराधियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा.













Post a Comment

0 Comments