55 हजार पीडीएस दुकानदारों की आवाज को मिला नया नेतृत्व, मनोज यादव बने प्रदेश अध्यक्ष ..

दुकानदारों ने खाद्यान्न वितरण केंद्रों के किराया, बिजली बिल, पीओएस मशीन की मरम्मत और अन्य संचालन व्ययों का वहन सरकार द्वारा किए जाने की मांग भी दोहराई. बैठक में कंट्रोल एक्ट 2016 में संशोधन कर दुकानदारों के हित में नया कानून बनाने की आवश्यकता पर भी सहमति बनी.






                              

  • पटना में संपन्न हुआ फेयर प्राइस शॉप डीलर्स फेडरेशन का चुनाव, 51 सदस्यीय कार्यकारिणी गठित
  • मानदेय, नॉमिनी व्यवस्था और कंट्रोल एक्ट संशोधन सहित सात सूत्री मांगों पर बनी रणनीति

बक्सर टॉप न्यूज, बक्सर/पटना : राज्य के जन वितरण प्रणाली (पीडीएस) दुकानदारों को नया नेतृत्व मिल गया है. पटना स्थित एम.आई.ए. सभागार में ऑल इंडिया फेयर प्राइस शॉप डीलर्स फेडरेशन, बिहार प्रदेश इकाई का चुनाव सर्वसम्मति से संपन्न हुआ, जिसमें डॉ. मनोज कुमार यादव को प्रदेश अध्यक्ष और देवन रजक को बिहार प्रदेश का महामंत्री चुना गया. चुनाव के साथ ही 51 सदस्यीय प्रदेश कार्यकारिणी का भी गठन किया गया, जिससे संगठन को नई मजबूती मिली है.

चुनाव प्रक्रिया पूरी होने के बाद नव-निर्वाचित पदाधिकारियों का अभिनंदन किया गया. इसके बाद आयोजित संयुक्त बैठक का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ. बैठक में बिहार के लगभग 55 हजार पीडीएस दुकानदारों से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई और उनके समाधान के लिए रणनीति तैयार की गई.

बैठक में दुकानदारों की सात सूत्री मांगों को प्रमुखता से उठाया गया. इनमें प्रत्येक पीडीएस दुकानदार को 30 हजार रुपये मासिक मानदेय देने, अनुकंपा सीमा समाप्त करने, डोर स्टेप डिलीवरी व्यवस्था खत्म कर दुकानदारों को स्वयं गोदाम से खाद्यान्न उठाने की अनुमति देने तथा परिवहन व्यय का भुगतान सुनिश्चित करने की मांग शामिल रही.

इसके अलावा अधिकतम आयु सीमा 75 वर्ष निर्धारित करने तथा आयु पूरी होने पर नामित व्यक्ति को लाइसेंस देने का प्रावधान लागू करने की मांग भी रखी गई. दुकानदारों ने खाद्यान्न वितरण केंद्रों के किराया, बिजली बिल, पीओएस मशीन की मरम्मत और अन्य संचालन व्ययों का वहन सरकार द्वारा किए जाने की मांग भी दोहराई. बैठक में कंट्रोल एक्ट 2016 में संशोधन कर दुकानदारों के हित में नया कानून बनाने की आवश्यकता पर भी सहमति बनी.

संगठन विस्तार को लेकर वर्ष 2026-27 में व्यापक सदस्यता अभियान चलाने का निर्णय लिया गया. चुनाव में चंदन कुमार को कार्यकारी अध्यक्ष, हीरालाल यादव को कोषाध्यक्ष, मोहम्मद अकील अहमद को प्रदेश उपाध्यक्ष, सहेंद्र पासवान को प्रदेश प्रवक्ता तथा महेश पासवान को कार्यालय प्रभारी चुना गया.

इस अवसर पर विजय कुमार गुप्ता, अशोक यादव, गुलाब रजक, हरेंद्र पासवान, सुरेंद्र प्रसाद, दशरथ कुमार, रामचंद्र महतो, कामेश्वर सिंह, रामचंद्र पासवान, अश्विनी सिंह, जोगिंदर झा सहित प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकारिणी सदस्य उपस्थित रहे.












Post a Comment

0 Comments