जिस लाइट एंड साउंड शो को दोबारा शुरू कराने की दिशा में उन्होंने महत्वपूर्ण पहल की थी और जिसकी आधारशिला रखने में उनकी अहम भूमिका रही थी, उसी शो को देखने के लिए उन्होंने किसी विशेष सुविधा का उपयोग नहीं किया.
- रामेश्वर नाथ मंदिर में सपत्नीक की पूजा-अर्चना, विश्वामित्र मंडपम् में बिताया समय
- बक्सर की ऐतिहासिक और पौराणिक विरासत को जानने के लिए लोगों से किया शो देखने का आग्रह
बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : पूर्व सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री अश्विनी कुमार चौबे सोमवार को बक्सर पहुंचे, जहां उन्होंने अपनी पत्नी के साथ बाबा रामेश्वर नाथ मंदिर में पूजा-अर्चना की. इसके बाद उन्होंने मां गंगा के तट पर स्थित विश्वामित्र मंडपम् में आयोजित लाइट एंड साउंड शो का आनंद लिया. इस दौरान उनकी सादगी लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी रही.
दरअसल, जिस लाइट एंड साउंड शो को दोबारा शुरू कराने की दिशा में उन्होंने महत्वपूर्ण पहल की थी और जिसकी आधारशिला रखने में उनकी अहम भूमिका रही थी, उसी शो को देखने के लिए उन्होंने किसी विशेष सुविधा का उपयोग नहीं किया. वह आम लोगों की तरह टिकट काउंटर पर पहुंचे, कतार में लगकर टिकट लिया और फिर सामान्य दर्शकों के बीच बैठकर पूरा कार्यक्रम देखा. उन्हें अपने बीच देखकर कई लोग आश्चर्यचकित रह गए.
शो के दौरान उन्होंने दर्शकों के साथ बातचीत भी की और प्रस्तुति को ध्यानपूर्वक देखा. उनकी सहजता और सामान्य नागरिक की तरह व्यवहार ने लोगों का दिल जीत लिया. उपस्थित लोगों ने कहा कि बड़े पदों पर रहने के बाद भी अश्विनी चौबे का जमीन से जुड़ा व्यवहार उनकी अलग पहचान बनाता है.
कार्यक्रम के बाद बातचीत में अश्विनी कुमार चौबे ने कहा कि बक्सर प्रवास के दौरान उन्हें विश्वामित्र मंडपम् में आयोजित लाइट एंड साउंड शो को स्वयं टिकट लेकर आम जनमानस के साथ बैठकर देखने का सौभाग्य प्राप्त हुआ. उन्होंने कहा कि यह शो बक्सर की गौरवशाली ऐतिहासिक विरासत, महर्षि विश्वामित्र की तपोभूमि और इस पवित्र भूमि के पौराणिक महत्व को बेहद प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करता है.
उन्होंने कहा कि पूरा कार्यक्रम श्रद्धा, भक्ति और भारतीय संस्कृति के गौरव से ओतप्रोत है. यह दर्शकों को इतिहास, संस्कृति और अध्यात्म की अनूठी अनुभूति कराता है. उन्होंने इस प्रस्तुति को बक्सर की पहचान को नई ऊंचाई देने वाला प्रयास बताया.
पूर्व केंद्रीय मंत्री ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि जब भी बक्सर आने का अवसर मिले, इस लाइट एंड साउंड शो को अवश्य देखें. इससे बक्सर की समृद्ध पौराणिक गाथा, ऐतिहासिक महत्व और सांस्कृतिक विरासत को निकट से समझने का अवसर मिलता है. उन्होंने विश्वास जताया कि यह शो बक्सर को पर्यटन और सांस्कृतिक मानचित्र पर और अधिक मजबूती से स्थापित करेगा.





.png)








0 Comments