इटाढ़ी रेलवे क्रॉसिंग खोलने की मांग को लेकर कांग्रेस का प्रदर्शन, प्रशासन को सौंपा ज्ञापन ..

कहा कि पुल की मरम्मत और पुनर्निर्माण कार्य पूरा होने में अभी कई माह लग सकते हैं. ऐसे में रेलवे क्रॉसिंग बंद रखना जनता की मुश्किलों को और बढ़ा रहा है. इसलिए जनहित को ध्यान में रखते हुए रेलवे प्रशासन को तत्काल वैकल्पिक व्यवस्था करनी चाहिए.
धरने पर बैठे कांग्रेस नेता




                              


- क्षतिग्रस्त आरओबी से बाधित हुआ आवागमन, लोगों की बढ़ी परेशानी
- पुल दुरुस्त होने तक रेलवे क्रॉसिंग से आवाजाही बहाल करने की मांग

बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : इटाढ़ी मार्ग पर स्थित रेलवे ओवरब्रिज के क्षतिग्रस्त होने से उत्पन्न यातायात संकट के बीच जिला कांग्रेस कमिटी ने रेलवे क्रॉसिंग को पुनः खोलने की मांग तेज कर दी है. मंगलवार को रेलवे परिसर में आयोजित धरना-प्रदर्शन में कांग्रेस नेताओं ने कहा कि जब तक ओवरब्रिज पूरी तरह चालू नहीं हो जाता, तब तक आम लोगों की सुविधा के लिए रेलवे क्रॉसिंग से आवागमन की अनुमति दी जानी चाहिए.

बक्सर रेलवे परिसर में आयोजित धरना-प्रदर्शन का नेतृत्व जिलाध्यक्ष पंकज कुमार उपाध्याय ने किया. उन्होंने कहा कि आरओबी बंद होने के कारण इटाढ़ी प्रखंड सहित आसपास के दर्जनों गांवों के लोगों को जिला मुख्यालय आने-जाने में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. सबसे अधिक दिक्कत विद्यार्थियों, मरीजों, किसानों, व्यापारियों और नौकरीपेशा लोगों को हो रही है.

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पुल की मरम्मत और पुनर्निर्माण कार्य पूरा होने में अभी कई माह लग सकते हैं. ऐसे में रेलवे क्रॉसिंग बंद रखना जनता की मुश्किलों को और बढ़ा रहा है. इसलिए जनहित को ध्यान में रखते हुए रेलवे प्रशासन को तत्काल वैकल्पिक व्यवस्था करनी चाहिए.

धरना के बाद कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल ने स्टेशन प्रबंधक के माध्यम से मंडल रेल प्रबंधक, दानापुर मंडल के नाम ज्ञापन सौंपा. ज्ञापन में रेलवे क्रॉसिंग को तत्काल प्रभाव से खोलने तथा आरओबी के पूर्ण रूप से चालू होने तक इसे वैकल्पिक मार्ग के रूप में संचालित करने की मांग की गई.

कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि इस मांग पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और व्यापक स्वरूप दिया जाएगा. धरना में कामेश्वर पांडेय, उमाशंकर पांडेय, हरिशंकर त्रिवेदी, राजा रमण पांडेय, लालबाबू मिश्रा, बुचा उपाध्याय, निर्मला देवी, लक्ष्मण उपाध्याय, राजू रंजन वर्मा, साबिर हाशमी, गणेश पांडेय, शिवाकांत पांडेय, गुप्तेश्वर पांडेय, संजय पांडेय, प्रो. पी.के. मिश्रा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे.












Post a Comment

0 Comments