तीन दिवसीय फुटबॉल प्रतियोगिता का आगाज, रोमांचक मुकाबले में खरपुरा ने बक्सर एफए को हराया ..

तीन दिवसीय फुटबॉल प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ पूर्व जिला पार्षद एवं अधिवक्ता डॉ. मनोज कुमार यादव ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर तथा फुटबॉल को किक मारकर किया. प्रतियोगिता की अध्यक्षता बक्सर होमगार्ड एसोसिएशन के सचिव आनंद पहलवान ने की.





                              


  • सोनपा में खेल महाकुंभ का शुभारंभ, डॉ. मनोज कुमार यादव ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया उद्घाटन
  • खेल मैदान की कमी पर उठाए सवाल, ग्रामीण युवाओं के लिए बेहतर खेल सुविधाओं की मांग

बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : जिले के चौसा प्रखंड की सोनपा पंचायत में रविवार को खेल और उत्साह का अनोखा संगम देखने को मिला. मां कामाख्या स्पोर्ट्स क्लब, सोनपा के तत्वावधान में आयोजित तीन दिवसीय फुटबॉल प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ पूर्व जिला पार्षद एवं अधिवक्ता डॉ. मनोज कुमार यादव ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर तथा फुटबॉल को किक मारकर किया. प्रतियोगिता की अध्यक्षता बक्सर होमगार्ड एसोसिएशन के सचिव आनंद पहलवान ने की.

उद्घाटन मुकाबला बक्सर फुटबॉल एसोसिएशन और रॉयल फुटबॉल क्लब, खरपुरा के बीच खेला गया. दोनों टीमों के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली, लेकिन रॉयल फुटबॉल क्लब, खरपुरा ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए 1-0 से जीत दर्ज कर अगले दौर में जगह बना ली. मैच के दौरान खिलाड़ियों ने अनुशासन, टीम भावना और बेहतरीन खेल कौशल का प्रदर्शन किया, जिसका बड़ी संख्या में मौजूद खेल प्रेमियों और ग्रामीणों ने तालियों से उत्साहवर्धन किया. मुकाबले का सफल संचालन रेफरी नीलू खरवार ने किया.

उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए डॉ. मनोज कुमार यादव ने कहा कि खेल केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि युवाओं के व्यक्तित्व निर्माण और सर्वांगीण विकास का सशक्त आधार है. खेल से अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास, टीम भावना और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित होती है. उन्होंने कहा कि जिस समाज में खेल संस्कृति मजबूत होती है, वहां के युवा नशाखोरी और अन्य सामाजिक बुराइयों से दूर रहकर सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ते हैं.

उन्होंने सोनपा पंचायत में समुचित खेल मैदान नहीं होने पर चिंता जताते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, लेकिन खेल सुविधाओं के अभाव में कई प्रतिभाशाली खिलाड़ी अपनी मंजिल तक नहीं पहुंच पाते. उन्होंने सरकार और जनप्रतिनिधियों से गांवों में खेल मैदान, स्टेडियम और आधुनिक खेल सुविधाओं के विकास के लिए ठोस पहल करने की मांग की.

डॉ. यादव ने आयोजन समिति की सराहना करते हुए कहा कि सीमित संसाधनों में आयोजित यह प्रतियोगिता ग्रामीण प्रतिभाओं को मंच देने के साथ-साथ युवाओं में खेल भावना, भाईचारे और सामाजिक समरसता को मजबूत करने का सराहनीय प्रयास है. उन्होंने खिलाड़ियों से खेल भावना और अनुशासन के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने का आह्वान किया.

कार्यक्रम में बहुजन समाज पार्टी चौसा के प्रखंड अध्यक्ष विजय राम, मुकेश यादव, अखिलेश यादव, पिंटू यादव, अप्पू, धर्मेंद्र, फैयाज, सुनिल यादव, उज्जवल कुमार, शशि मोहन कुमार, शमीम साईं सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी और ग्रामीण मौजूद रहे.













Post a Comment

0 Comments